मधुबन। जनपद के प्रभारी राज्य मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालू’ और राज्य कारागार मंत्री सुरेश राही मंगलवार को दुबारी बाढ़ शरणार्थी शिविर पहुंचे। मंत्रियों ने 117 बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री बांटी। कहा कि सरकार ने विभीषिका से निपटने के लिए पर्याप्त नावें लगाई हैं। कहा कि इस आपदा में प्रभावित परिवारों की राहत किट, आवास योजना ,बाढ़ से क्षतिऔर फसलों के नुकसान का आंकलन कर क्षति पूर्ति देने ,बाढ़ प्रभावित इलाकों की सडकों के शीघ्र निर्माण कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। इस दौरान उपजिलाधिकारी मनोज कुमार तिवारी, नायब तहसीलदार अभिजीत प्रताप सिंह, सीएचसी फतेहपुर मंडाव के अधीक्षक राजीव कुमार पाण्डेय, दिनेश यादव, डा.पंकज कुमार, सीओ अभय कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक सुदेश कुमार सिंह मौजूद रहे। मंत्री द्वय राहत सामग्री वितरित कर ज्यों ही अपने वाहन के करीब पहुंचे, आक्रोशित बाढ़ पीड़ित महिलाओं ने अपनी समस्याएं उनके समक्ष रखीं। महिलाओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन राहत सामग्री वितरण करने में शिथिलता बरत रहा है। बिंदटोलिया व नई बस्ती की कटान से प्रभावित महिलाओं ने मांग किया कि तीन महीने से शरणार्थी शिविर के पास की भूमि उन्हें आवंटित की जाए। राज्यमंत्रियों ने आक्रोशित महिलाओं को समझा बुझा कर शांत कराया। राज्यमंत्रियों ने उपजिलाधिकारी मनोज कुमार तिवारी को शीघ्र भूमि का सर्वे करा कर पट्टे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उधर अपर जिलाधिकारी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि 71 कटान पीड़ितों को भूमि आवंटित करने के लिए चिन्हित कर ली गई है।