मऊ। जनता कर्फ्यू के चलते दिनभर मऊ जंक्शन का सैनिटाइज होता रहा। इस दौरान तीन टीमें अलग-अलग शिफ्टों में स्टेशन पर साफ सफाई करती रहीं। जबकि चिकित्सकों की तीन टीमें भी तैनात रहीं। रविवार को सुबह सात बजे से शुरू हुए जनता कर्फ्यू के चलते वाराणसी-भटनी, गोरखपुर, बलिया आदि रूटों पर संचालित होने वाली आधा दर्जन सवारी गाड़ी निरस्त रही। जबकि शनिवार की रात 12 बजे से पहले से चल चुकी लिच्छवी एक्सप्रेस, कृषक एक्सप्रेस, साबरमति एक्सप्रेेस ट्रेनें अपने निर्धारित समय से मऊ जंक्शन पर पहुंची लेकिन इन ट्रेनों में भीड़ दिखी। हालांकि स्टेशन पर इन ट्रेनों से बहुत कम संख्या में ही यात्री उतरे, जिनका गेट पर चिकित्सकों की टीम ने स्क्रीनिंग की। उधर प्रतिदिन यात्रियों की भीड़ से भरा रहने वाले मऊ जंक्शन के चारों प्लेटफार्म सूने नजर आए। प्लेटफार्म पर दूरदराज से आने वाली ट्रेनों से उतरने वाले ही यात्री ही दिखे। दूसरी तरफ रेलवे के स्वास्थ्य निरीक्षक पंकज गोयल के नेतृत्व में तीन अलग अलग टीम के सदस्य प्रत्येक तीन घंटे के अंतराल पर जंक्शन के चारों प्लेटफार्म पर लगे बेंच, कुर्सियों, टिकट खिड़की, वेटिंग हॉल आदि जगहों को सैनिटाइज करते रहे। वहीं, यात्रियों का हैंडवाश भी कराया गया। उधर, सुबह से ही आरपीएफ प्रभारी डीके राय तथा जीआरपी प्रभारी ओमप्रकाश तिवारी के नेतृत्व में पुलिसा मऊ जंक्शन का निरीक्षण करती रही। साथ ही यात्रियों को कोरोना वायरस से बचाव को लेकर सुझाव देते नजर आए।