मऊ। यूपी बोर्ड हाईस्कूल इंटरमीडिएट परीक्षा से पूर्व सभी माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों और शिक्षणेतर के डाटा का सत्यापन होगा। माध्यमिक विद्यालयों की ओर से पोर्टल पर अपलोड किए गए शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के सभी विवरणों की जांच की जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक ने जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यो को पत्र जारी किया है। जिले में 17 राजकीय, 67 सहायता प्राप्त तथा 422 वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालय हैं। यूपी बोर्ड हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा पांच फरवरी 2027 से प्रस्तावित है। लेकिन विभाग की तरफ से तैयारियां तेजी से चल रही है। परीक्षा में अपात्र शिक्षकों की ड्यूटी लगाने पर रोक लगाने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने गाइडलाइन जारी किया है। नई व्यवस्था के तहत
बोर्ड परीक्षा शुरू होने से पूर्व जिले के सभी माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों का सत्यापन किया जाएगा। साथ ही शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का भी ब्योरा जुटाया जाएगा। सभी विद्यालय प्रशासन को शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का विवरण ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करना होगा। विभाग की तरफ से 30 नवंबर 2026 तक सभी विद्यालय प्रबंधन से शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का समस्त विवरण मांगा गया है। शासन के निर्देश के अनुसार सभी विद्यालयों के शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का विवरण जांच पड़ताल के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक के लॉगिन से अपलोड कराया जाएगा। इस बाबत जिला विद्यालय निरीक्षक गौतम प्रसाद का कहना है कि यूपी बोर्ड हाईस्कूल इंटरमीडिएट परीक्षा से पूर्व सभी माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों और शिक्षणेतर के डाटा का सत्यापन होगा। जांच पड़ताल की प्रक्रिया चल रही है।