मऊ। जिले में जल्द ही कोरोना से बचाव को लेकर पांच से 12 साल तक के बच्चों को वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके लिए अभिभावकों में खुशी है कि उनके बच्चों का संक्रमण से बचाव हो सकेगा। जबकि शहर के मानिंद लोगों ने अभिभावकों से अपने बच्चों का टीकाकरण करा कर उन्हें संक्रमण से बचाव की अपील भी की है। उधर, टीकाकरण को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। उसे बस गाइड लाइन का इंतजार है। गाइडलाइन व निर्धारित वैक्सीन की खेप मिलेते ही पांच से 12 साल के 243703 बच्चों का भी टीकाकरण शुरू करा दिया जाएगा। कोरोना की चौथी लहर की संभावनाओं के बीच एक बार फिर संक्रमण पर लगाम को लेकर गाइडलाइन के अनुपालन व टीकाकरण की रफ्तार को तेज करने की कवायद शुरू कर दी गई है। टीकाकरण निश्चित तौर पर संक्रमण से हमारी सुरक्षा करता है। यही कारण है कि सरकार अपने खर्च पर सभी का टीकाकरण करा रही है ताकि इस संक्रमण पर पूरी तरह से लगाम लगाई जा सके। कोरोना की पहली व दूसरी लहर काफी भयावह थी। अब तक संक्रमण की लहर में जिले में सरकारी आकड़ों के अनुसार 86 लोगों की मौत हुई। तीसरी लहर काफी हद तक कंट्रोल में रही। वहीं अब चौथी लहर की संभावना जतायी जा रही है। महानगरों में संक्रमण तेजी से बढ़ने लगा है। वर्तमान में जिले में कोरोना संक्रमण के एक भी मरीज नहीं है। जिले में कोरोना संक्रमण की पहली लहर से अब तक नौ हजार 26 मरीज मिल चुके हैं। इसमें आठ हजार नौ सौ 40 मरीज रिकवर हो चुके हैं। डॉ. एसएन दुबे, सीएमओ मऊ ने कहा कि जीवन अनमोल है, इसका सम्मान करें। पांच से 12 साल के बच्चों का कोरोना टीकाकरण शुरू होने वाला है। ऐसे में अपना बच्चों का टीकाकरण अवश्य कराएं। घर से निकले तो मास्क का प्रयोग अवश्य करें। अरशद जमाल, पूर्व चेयरमैन नगरपालिका ने कहा कि भ्रांतियों में न पड़ें, वैक्सीन बिल्कुल सुरक्षित है, इससे कोई भी नुकसान नहीं होगा। हमारा दायित्व है कि खुद का भी टीकाकरण कराएं और अपनों को भी बूथ पर ले जाकर टीका लगवाएं। खासकर बच्चों का। मौलवी इफ्तेखार अहमद ने कहा कि घबराएं नहीं, टीकाकरण केंद्रों पर निशुल्क टीकाकरण का लाभ लें। कोरोना संक्रमण से बचने के लिए स्वास्थ्य विभाग से जारी कोरोना गाइड लाइन का अनुपालन जरूरी है। बच्चों का टीकाकरण शुरू होने वाला है। उन्हें टीका अवश्य लगवाएं। दीपक महाराज, प्रधान पुजारी शीतला माता धाम मातापोखरा ने कहा कि बच्चे हमारे भविष्य हैं। ऐसे में कोरोना संक्रमण से उनकी सुरक्षा को लेकर टीकाकरण बहुत जरूरी है। लिहाजा सोंचे नहीं। बूथ पर पहुंच कर उन्हें संक्रमण से बचाने के लिए टीका लगवाएं। फादर क्रिसराज, अमरवाणी ताजोपुर ने कहा कि अपने टीकाकरण के साथ बच्चों का टीकाकरण अवश्य कराएं। पांच से 12 साल के बच्चों का टीकाकरण शुरू होते ही इसमें देरी न करें। बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो सके इसके लिए उन्हें बूथ पर ले कर जाएं। सुनील गिरी, पुजारी वनदेवी धाम ने कहा कि संक्रमण बढ़ रहा है, ऐसे मेें सतर्क रहने की जरुरत है। खास तौर से बच्चों के लिए सरकार चिंतित है। लिहाजा संक्रमण से बचाव के लिए उन्हें केंद्रों पर ले जाकर उनका टीकाकरण जरूर कराएं।

सुनील गिरी। पुजारी वनदेवी धाम।वैक्सिनेशन की खबर में प्रतिक्रिया- फोटो : MAU

डा.एस एन दूबे।सीएमओ। वैक्सिनेशन की खबर में प्रतिक्रिया- फोटो : MAU

दीपक महराज। वैक्सिनेशन की खबर में प्रतिक्रिया- फोटो : MAU

अरशद जमाल।पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष।वैक्सिनेशन की खबर में प्रतिक्रिया- फोटो : MAU