मऊ। जिलाधिकारी अरुण कुमार ने बुधवार को आबकारी, खाद्य सुरक्षा, औषधि प्रशासन समिति तथा सेवायोजन विभाग की समीक्षा बैठक की। जिसमें सेवा मित्र व्यवस्था में लक्ष्यों के सापेक्ष अत्यंत धीमी प्रगति पर सेवायोजन अधिकारी को सुधार लाने की चेतावनी दी। जिला आबकारी अधिकारी ने बताया कि बीते जुलाई माह में कुल 540 छापे मारे गए।इस दौरान कुल 45 अभियोग पकड़े गए तथा 974 लीटर अवैध शराब भी पकड़ी गई। निरीक्षण के दौरान कुल 49 दुकानों पर अनियमितताएं पाई गई जिस पर कार्यवाही की जा रही है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन समिति की बैठक के दौरान अभिहित अधिकारी, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने बताया कि गत माह परिषदीय विद्यालयों के 8 स्कूलों से एम.डी.एम. तथा तीन आंगनवाड़ी केंद्रों के पुष्टाहार की जांच हेतु नमूने लिए गए थे। जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि सेवायोजन पोर्टल पर कुल 31368 पंजीकरण हुआ है।1 अप्रैल 2022 से 31 जुलाई तक कुल 17 रोजगार मेलों के आयोजन में अब तक कुल 427 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। वर्तमान अगस्त माह में 8 एवं 16 अगस्त को रोजगार मेले के आयोजन में कुल 69 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं एवं 22 तथा 30 अगस्त को रोजगार मेले का आयोजन किया जाना है। सेवा मित्र व्यवस्था के तहत सेवा प्रदाता, कुशल कामगार एवम् सर्विस बुकिंग में लक्ष्य के सापेक्ष अत्यंत कम प्रगति पर जिलाधिकारी ने जिला सेवायोजन अधिकारी को फटकार लगाते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राम सिंह वर्मा, जिला आबकारी अधिकारी जे. जे. प्रसाद, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन समिति के सदस्य एवं जिला सेवायोजन अधिकारी उपस्थित थे।