मऊ: जाति प्रमाणपत्र की मांग पर छठवें दिन भी धरना, पानी की टंकी पर चढ़ीं महिलाएं
मऊ के मधुबन तहसील में गोंड़ जाति का प्रमाणपत्र जारी कराने की मांग पर छह दिन से धरना चल रहा है। बुधवार को एसडीएम से वार्ता के बाद कुछ महिलाएं पानी की टंकी पर चढ़ गईं। प्रदर्शनकारियों ने बच्चों की पढ़ाई और भविष्य प्रभावित होने की बात कही।
विस्तार
मऊ के मधुबन तहसील परिसर में गोंड़ जाति का प्रमाणपत्र जारी कराने की मांग को लेकर चल रहा धरना बुधवार को छठवें दिन भी जारी रहा। मांग पूरी नहीं होने से नाराज सैकड़ों महिला-पुरुष तहसील पहुंचे। अधिकारियों से वार्ता के बाद कुछ महिलाएं पानी की टंकी पर चढ़ गईं। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक जाति प्रमाणपत्र जारी नहीं होगा, तब तक वे नीचे नहीं उतरेंगी।
एसडीएम से वार्ता के बाद भी नहीं निकला समाधान
गोंड़ समाज के लोग 20 नवंबर से मधुबन तहसील परिसर में धरना दे रहे हैं। बुधवार को प्रदर्शनकारियों ने उपजिलाधिकारी दीपक सिंह से मुलाकात कर अपनी समस्या रखी। एसडीएम ने कहा कि शासन स्तर से शासनादेश प्राप्त होने के बाद ही जाति प्रमाणपत्र जारी करना संभव होगा।
वहीं, प्रदर्शनकारियों का कहना है कि प्रमाणपत्र बनवाने के लिए सभी जरूरी अभिलेख पहले ही जमा किए जा चुके हैं। इसके बावजूद प्रमाणपत्र जारी नहीं किया जा रहा है। इससे बच्चों की पढ़ाई और भविष्य प्रभावित हो रहा है।
वार्ता के बाद पानी की टंकी पर चढ़ीं महिलाएं
अधिकारियों से वार्ता के बाद बड़ी संख्या में महिला-पुरुष पानी की टंकी के पास पहुंच गए। इसी दौरान कुछ महिलाएं टंकी पर चढ़ गईं। महिलाओं ने कहा कि जब तक गोंड़ जाति का प्रमाणपत्र जारी नहीं किया जाएगा, तब तक वे नीचे नहीं उतरेंगी। घटना के बाद तहसील परिसर और आसपास के क्षेत्र में हलचल मच गई।
बच्चों की पढ़ाई और भविष्य का दिया हवाला
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जाति प्रमाणपत्र नहीं बनने से बच्चों को स्कूल-कॉलेज में दाखिला लेने, छात्रवृत्ति प्राप्त करने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने में परेशानी हो रही है। समाज के लोगों ने प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
