मुहम्मदाबाद गोहना। कोतवाली क्षेत्र के कमालपुर कोलौरा ग्राम में हिंदू देवी देवताओं के चित्र जलाने, धर्म के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने और इसकी फ़ोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने से लोगों में आक्रोश है। कोलौरा गॉव निवासी करणी सेना के मंडल अध्यक्ष ने नौ लोगों के विरुद्ध आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। कमालपुर कोलोरा गांव के दलित बस्ती में मंगलवार को हिंदू देवी देवताओं भगवान श्रीराम, शंकर, देवी दुर्गा आदि के फोटो और चित्रों को आग लगाकर जलाया गया और इनके खिलाफ अपमानजनक नारे लगाते हुए फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। घटना की फ़ोटो वायरल होते ही गांव के अन्य लोगों में रोष फैल गया। देखते ही देखते दर्जनों की संख्या में जुटे लोगों ने इसके खिलाफ लामबंद होकर पूछताछ की तो इनके साथ भी गाली गलौज की गई। घटना से आक्रोशित करणी सेना के मंडल अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह उर्फ मोहर सिंह ने गांव के आलोक, धीरज, अमित, दीपांकर, शिवकुमार, सोहराबपुर गॉव के प्रधानपति समेत नौ के विरुद्ध मुहम्मदाबाद कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। इस संबंध में गांव निवासी चंद्रशेखर सिंह का कहना है कि उक्त गांव में दलित बस्ती में आए दिन इस तरह की घटनाएं की जा रही हैं। इसके पहले भी देवी देवताओं की मूर्ति तोड़ दी गयी थी। कोतवाल चंद्र भास्कर द्विवेदी का कहना है कि ऐसी किसी भी घटना में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।