कोपागंज। जिले में बंद पड़े आमान परिवर्तन को कार्य को लेकर बुधवार को निर्माणाधीन कोपागंज रेलवे स्टेशन पर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। दो घंटे तक चले इस विरोध प्रदर्शन में काम बंद होने पर लोगों ने नारेबाजी कर आक्रोश जताया। चेताया कि इस बारे में रेलवे के महाप्रबंधक, डीआरएम को पत्र सौंपा जाएगा। फिर भी समस्या हल नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। सुबह 11 बजे बहुजन समाज पार्टी, भीम सेना, बोधित्व समाज सेवा संस्थान के अलावा दर्जनों गांवों के 100 से ज्यादा लोग निर्माणाधीन कोपागंज रेलवे स्टेशन पहुंचे। जहां कई माह से ठप पड़े इंदारा-दोहरीघाट आमान परिवर्तन कार्य को शुरू कराने की मांग की।लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए निर्माणाधीन रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार पर खड़े होकर दो घंटे तक नारेबाजी कर विरोध जताया। प्रदर्शन करते हुए कहा कि रेलवे द्वारा जल्द से जल्द ही बंद पड़े आमान परिवर्तन को शुरू कराने को लेकर जल्द ही बहुजन समाज पार्टी, भीम सेना, बोधित्सव समाज सेवा संस्थान का एक प्रतिनिधि मंडल महाप्रबंधक तथा डीआरएम को मिलकर पत्रक सौंपेगा। पत्रक सौंपे जाने के बाद भी काम शुरू न होने पर मजबूरन लोगों को आंदोलन करने को बाध्य होना पड़ेगा। प्रदर्शन करने वालों में डोमा राम साहनी, शनि कुमार, अनुज यादव, जितेंद्र गोयल, दीपक कुमार, शशी कुमार, प्रभात कुमार, सुजीत सोनकर सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।