मऊ। उत्तर प्रदेश राजस्व महासंघ के तत्वावधान में लेखपालों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन किया। साथ ही मुख्यमंत्री को संबोधित जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर लेखपाल संघ के जिला मंत्री उदयभान यादव ने कहा कि शासन द्वारा राजस्व विभाग में चकबंदी विलय से कर्मचारियों तथा अधिकारियों का हित प्रभावित होगा। कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति से ज्येष्ठता, पदोन्नति आदि प्रभावित होगा। वेतन विसंगति को दूर किया जाए। कलेक्ट्रेट को विशिश्ट दर्जा देने की मांग को लागू किया जाए। मांगों को पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा।शैलेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि संगठन की तरफ से कई बार सरकार को मांगों के संबंध में अवगत कराया गया लेकिन मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा सका है। समस्या का समाधान नहीं किया गया तो हम लोग आंदोलन तेज करने को बाध्य हो जाएंगे। अंत में पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर विपिन कुमार, जयप्रकाश यादव, स्वामीनाथ गुप्ता, जितेंद्रधर द्विवेदी, अवनिंद्र मणि पांडेय, पारसनाथ, ओमप्रकाश तिवारी, अविनाश कुमार आदि शामिल रहे।