घोसी। घोसी नगर से गौरीडीह, पकड़ीबुजर्ग, पकडीखुर्द आदि गांवों को जाने वाले मार्ग से गुजर रहे फोरलेन पर अंडरपास बनाने को लेकर बुधवार को क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने तहसील मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। साथ ही उपजिलाधिकारी को संबोधित नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।
इस अवसर पर कांग्रेस नेता प्रदीप सिसोदिया, पूर्व विधायक नसीमखान ने कहा कि घोसी से पकड़ीबुजर्ग, पकड़ी खुर्द, कुचहरा, कंधेली को जाने वाले महत्वपूर्ण मार्ग से होकर फोरलेन बाई पास गुजर रहा है।लेकिन दोनों सड़कों को क्रॉस स्थल पर अंडरपास नहीं बनाया जाना इस क्षेत्र के हजारों लोगों के साथ अन्याय है। इससे परेशान सैकड़ों लोगों का धरना प्रदर्शन गवाह है।निर्माण न होने पर जनता इसका जबाब देगी।बसपा नेता फागूसिंह, भाजपा नेता नागेंद्र सिंह ने कहा कि घोसी पकड़ी मार्ग से गुजर रहे फोरलेन पर बाईपास के न होने से इस मार्ग से आने वाले पकड़ीबुजर्ग, पकडीखुर्द, गौरीडीह आदि गांवों के हजारों लोगों का घोसी आना जाना बंद हो जाएगा।यह सब राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की अदूरदर्शिता का द्योतक है। जल्द से जल्द अंडरपास का निर्माण कराया जाए। जबकि इस मार्ग पर शिक्षण संस्थान हैं। घोसी नगर में भी जितने भी प्राइवेट स्कूल हैं छात्र छात्राओं को को आने जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। चेतावनी देते हुए कहा कि यदि हमलोगों की मांग पूरी नही हुई तो पूरे गांव के लोग चुनाव का बहिष्कार करेंगे। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदीप सिंह सिसोदिया, पूर्व विधायक नसीम खान, प्रमोद चौधरी, बसपा नेता वंशबहादुर यादव, भाजपा नेता नागेंद्र सिंह, उदय प्रताप सिंह, विनोद साहनी, मनोज साहनी, मोहम्मद असलम, ज्ञानचंद, शमीम अहमद, संदीप कुमार गौड़ आदि शामिल रहे।