मऊ। मधुबन तहसील के धरमपुर बिंटोलिया गांव के बाढ़ पीड़ित ग्रामीणों ने बुधवार को फूलन सेना के नेतृत्व में कलेक्ट्रट परिसर में धरना- प्रदर्शन किया। इसके बाद पांच सूत्रीय मांगों को लेकर नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। फूलन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल निषाद के नेतृत्व में धरमपुर बिंटोलिया गांव के किसान कलेक्ट्रट परिसर पहुंचे और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन द्वारा कोई सुविधा ना मुहैैया कराने को लेकर जमकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि धरमपुर बिंटोलिया गांव घाघरा नदी किनारे बसा है। जो बीते कई दशकों से बाढ़ की विभीषिका झेलता है। कहा कि वर्तमान में घाघरा नदी की भीषण कटान के चलते ग्रामीणों के सैकड़ों बीघे खेत फसल सहित कटकर नदी में विलीन हो चुके हैं, बचे हुए खेत भी तेजी से कटकर गिर रहे है। बोले कि प्रशासन ठोकर लगाकर कटान से बचाने का प्रयास करे, लेकिन कई बार समस्या से अवगत कराने के बाद इसको लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।मांग की बाढ़ पीड़ित गांव होने के कारण बड़ी संख्या में प्रधानमंत्री आवास योलना मुुहैया कराया जाए। साथ ही कटान से पीड़ित किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग की। प्रदर्शन के बाद मांगों को लेकर फूलन सेना ने नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। साथ ही चेताया कि मांग पूरी ना होने पर फूलन सेना घाघरा नदी के धार में सत्याग्रह शुरू करेगी। इस मौके पर मुखदेवी साहनी, रामबली, श्रीकांत राम, सुबाष, बहादूर, लाली, गोपाल, रामाश्रय, रामसमुच, देऊ, रामजीत, मोती, कल्लू, राकेश आदि मौजूद रहे।