मऊ। प्रेरणा एप पर रोक सहित विभिन्न मांगों को लेकर शिक्षक संगठनों ने गुरुवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में शिक्षक दिवस को ‘शिक्षक सम्मान बचाओ दिवस’ के रूप में मनाया। कहा कि विभाग को बदनाम करने की नीयत से इसे प्रयोगशाला बनाने पर सरकार तुली है। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष कृष्णानन्द राय ने कहा कि सरकार जान बूझकर शिक्षकों तथा बेसिक शिक्षा विभाग को बदनाम करने का प्रयास कर रही है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार विभाग को प्रयोगशाला बनाकर स्वयं शिक्षा की गुणवत्ता को प्रभावित कर रही है। शिक्षकों से अनेक शिक्षणेत्तर कार्य तथा बीएलओ, एमडीएम एवं अन्य सूचनाओं का जंजाल फैलाकर शिक्षण कार्य करने ही नही दिया जा रहा है। अधिकारी विद्यालय पर जाकर गुणवत्ता का परीक्षण कर रहे हैं। जबकि विद्यालयों पर कक्षा के अनुपात में शिक्षकों की कमी है। शिक्षक किसी भी दशा में अपने व्यक्तिगत मोबाइल पर प्रेरणा एप डाउनलोड न करे और इसका विरोध करें। 11, 12 सितंबर बीएसए कार्यालय तथा 13 सितंबर को जिला मुख्यालय पर धरने को सफल बनाने के लिए शिक्षकों का आह्वान किया। माध्यमिक शिक्षक संघ के जयनरायन द्विवेदी और विशिष्ट बीटीसी वेलफेयर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष अंजनी सिंहने कहा कि प्रेरणा एप का विरोध करे और अपनी एकता को बनाएं रखें। इस मामले में शिक्षकों को एकजुट रहने का आह्वान किया। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष कृष्णानंद राय ने पुरानी पेंशन बहाली, प्राथमिक विद्यालय में पॉच सहायक अध्यापक, एक प्रधानाध्यापक सहित 12 सूत्री मॉगपत्र का वाचन किया गया। कार्यक्रम को दीनदयाल राय, एवं रामानंद यादव, राजेश राय, मदरसा अरबिया शिक्षक संघ के जनरल सेक्रेटरी अब्दुल हमीद फैजी ने संबोधित किया। इस अवसर पर जगदीश गौतम, गजाधर यादव, मनमोहन पाण्डेय, राशीद जमाल, रविन्द्र कुमार, अजय राय, सुनील राय, शशिभूषण राय, अनिल सिंह, जगमोहन सिंह, परवेज आलम, सुबाष सिंह, सुरेंद्र यादव आदि शामिल रहे।