मऊ में बैंक फ्रेंचाइजी संचालक से लूट: सरेराह कनपटी पर तमंचा सटाकर बदमाशों ने एक लाख लूटे, पता पूछने के बहाने वारदात को दिया अंजाम
पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। साथ ही एएसपी ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में सोमवार को सरेराह लगभग 11 बजे एक बैंक फ्रेंचाइजी संचालक को तमंचा सटाकर बदमाश बैग में रखे एक लाख रुपये लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया और जांच में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार, मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली कोतवाली क्षेत्र के फरीदपुर गांव निवासी नागेंद्र कुमार ने यूनियन बैंक की फ्रेंचाइजी ली हुई है। सोमवार को सुबह सुरहुरपुर यूनियन बैंक शाखा से एक लाख रुपये बैग में रखकर बाइक से अपने फ्रेंचाइजी प्वाइंट बंदी कला गांव जा रहे थे। जब वह मुसहर बस्ती के पास पहुंचे तभी पीछे से एक ही बाइक पर सवार दो बदमाशों ने नागेंद्र को पता पूछने के बहाने रोक लिया। दोनों बदमाश अपना मुंह बांधे हुए थे।
नागेंद्र के रुकते ही बदमाशों ने उनकी बाइक की चाबी निकाल ली और कनपटी पर तमंचा सटाकर बैग में रखे एक लाख रुपये लेकर बंदी गांव की तरफ भाग गए। पीड़ित नागेंद्र ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे कोतवाल नीरज कुमार पाठक जांच-पड़ताल में जुट गए।
पीड़ित नागेंद्र ने दो अज्ञात बदमाशों के खिलाफ कोतवाली पुलिस को तहरीर दे दी है। अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन नाथ त्रिपाठी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित और प्रभारी निरीक्षक से घटना के बाबत जानकारी ली। एएसपी ने कोतवाल को लुटेरों को जल्द गिरफ्तार करने का निर्देश दिया। पुलिस एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।