मऊ। जिला पंचायत चुनाव को लेकर जिला प्रशासन की तरफ से की जा रही तैयारियों के क्रम में बृहस्पतिवार की शाम को जिला पंचायत वार्डों की सूची जिला पंचायत विभाग की तरफ से जारी की गई। इस दौरान 21 गांव जो नगर पंचायतों में शामिल हुए, उनका परिसीमन कर सूची जारी की गई। सूची जारी होते ही उसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई।
बताते चले जिले के रानीपुर ब्लाक क्षेत्र में चिरैयाकोट, तो कोपागंज में कुर्थीजाफरपुर नई नगर पंचायत तो कोपागंज नगर पंचायत का विस्तारीकरण किया गया। इसके अलावा फतेहपुर मंडाव ब्लाक के मधुबन को नगर पंचायत का दर्जा दिया गया था। इनमें कुल 21 गांवों के रकबे प्रभावित हुए थे। पंचायत चुनाव देखते हुए जनसंख्या के आधार पर नगर पंचायतों में विलय हुए गांवों का परिसीमन किया गया। जिले के तीन ब्लाकों के 21 गांवों को परिमार्जित कर बृहस्पतिवार को सूची विकास भवन के गेट पर चस्पा की गई। जिसमें रानीपुर ब्लाक के चिरैयाकोट नगर पंचायत के पांच पूर्ण तथा दो आंशिक ग्राम शामिल है।इसीक्रम में कोपगंज नगर पंचायत का विस्तारीकरण में एक पूर्ण तथा चार आंशिक और नवीन नगर पंचायत कुर्थीजाफरपुर में चार गांव पूर्ण तथा एक आंशिक शामिल है।वहीं मधुबन में पांच पूर्ण जबकि दोहरीघाट में एक गांव जमीन मनौली को आंशिक रूप से हटाया गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि जनसंख्या के आधार पर वार्डो का परिसीमन किया गया है। संख्या पहले की तरह 34 ही बरकरार रखी गई है।