पूर्व प्रेमिका को उसके घर में न देख सिरफिरे प्रेमी ने चलाई गोली, प्रेमिका के भाई-बहन घायल
- मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के खैराबाद गांव की घटना
- आरोपी को पकड़ परिवार वालों ने पुलिस को सौंपा
विस्तार
मऊ जिले के खैराबाद गांव में शुक्रवार सुबह छह बजे एक युवक पूर्व प्रेमिका के घर पहुंच गया और जानकारी न मिलने पर उसने प्रेमिका के भाई और बहन पर गोली चला दी। इसमें दोनों को हल्की चोटें आई। लोगों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के खैराबाद गांव निवासी एक व्यक्ति के घर शुक्रवार सुबह लगभग छह बजे आजमगढ़ थाना सिधारी निवासी मकसूद (32) पहुंच गया। उसने घर की एक युवती के बारे में पूछताछ की। तभी युवती का 20 वर्षीय भाई आ गया।
भाई के इस बारे में कोई जवाब न देने पर उसने तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली युवक के कान के बगल से होती हुई निकल गई। इससे वह मामूली रूप से घायल हो गया। फिर दूसरे कमरे में गया और युवती की 18 वर्ष की बहन से पूछा।
जवाब से संतुष्ट न होने पर युवती की बहन पर भी फायरिंग कर दी, लेकिन गोली उसके सिर के ऊपर से निकल गई। लेकिन छर्रे लगने से वह भी घायल हो गई। गोलियों की की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुट गए। लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस उसे कोतवाली ले गई। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया। कोतवाल नीरज कुमार पाठक ने बताया कि तहरीर के मुताबिक केस दर्ज कर लिया गया है।