मऊ। कलेक्ट्रेट सभागार में कानून व्यवस्था एवं अभियोजन शाखा की मासिक समीक्षा बैठक जिलाधिकारी अरुण कुमार की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने एएसपी से अब तककी समस्त कार्रवाईयों की जानकारी ली। कहा कि खास तौर से जिला बदर अपराधियों पर नजर रखी जाए। मुहर्रम पर सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों की भी जानकारी ली। उन्होंने अपर पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिया कि जिला बदर किए गए अपराधियों पर नजर रखें। कहा यह कार्रवाई के बाद भी जिला नहीं छोड़ते और अपराध करते रहते हैं। लिहाजा इन पर सख्त निगाह रखने की जरूरत है। धार्मिक स्थलों से हटाए गए लाउडस्पीकरों पर भी नजर रखने के निर्देश दिए। कहा कि उतारे गए लाउडस्पीकर पुन: न लगे। जिलाधिकारी ने नगर मजिस्ट्रेट को निर्देश दिया कि नदी के किनारे सुरक्षित सीमा में जितने भी अवैध निर्माण हैं, उनको नोटिस जारी करते हुए कड़ी कार्रवाई करें। जिलाधिकारी ने अभियोजन शाखा के कार्यों के समीक्षा के दौरान गत माह में हुई कार्रवाई के बारे में जानकारी ली। बारी-बारी से गैंगस्टर एक्ट, पास्को, एससी/एसटी एक्ट, महिला संबंधित अपराधों एवं जहरीली शराब के मामलों पर अब तक अभियोजन पक्ष द्वारा की गई कार्यवाही की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने मामलों के निस्तारण की स्थिति संतोषजनक न होने पर इन मामलों में जल्दी जल्दी डेट लेने, अपराधियों को सजा दिलाने एवं इनके यथा शीघ्र निस्तारण हेतु प्रयास करने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय, अपर जिलाधिकारी भानु प्रताप सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक, नगर मजिस्ट्रेट , जिला आबकारी अधिकारी आदि उपस्थित रहे।