मऊ। श्रम एवं सेवायोजन समन्वय विभाग उत्तर प्रदेश अनिल राजभर ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में केंद्रीय एवं राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं, तीन करोड़ से की परियोजनाओं और कानून व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने लापरवाही बरतने वाली कार्यदायी संस्थाओं पर जुर्माना लगाने के साथ कार्रवाई करने का निर्देश दिया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हर घर जल योजना के तहत पाइपों की वायरिंग के दौरान सड़कों को तोड़कर उसे उसी हालत में छोड़े जाने पर अधिशासी अभियंता नलकूप को जल जीवन मिशन के अंतर्गत काम करने वाली संस्था ठीक ढंग से कार्य नहीं कर रही है उसके खिलाफ जुर्माना लगाने के भी निर्देश दिए। विधायको, जनप्रतिनिधियों एवं ग्राम प्रधानों को पौधों की रक्षा हेतु गोद लेने की बात कही। वृद्धा पेंशन योजना में सभी पेंशन धारकों के खातों में पेंशन समय से उपलब्ध कराने के निर्देश जिला समाज कल्याण अधिकारी को दिए। पिछले तीन वर्षों में डकैती, अपराध, लूट, हत्या, बलवा एवं वाहन चोरी सहित अन्य मामलों में इस वर्ष अपराध सबसे कम होने व ऑपरेशन दृष्टि के तहत जनपद में कुल 5484 सीसीटीवी कैमरा एवं सभी थानों में कंट्रोल रूम लगने आईजीआरएस में विगत 4 महीनों में लगातार मऊ पुलिस प्रथम स्थान मिलने पर पुलिस विभाग की प्रशंसा की। प्रत्येक गौशालाओं में गायों की संख्या एवं भूसे की उपलब्धता की सूची तैयार करने के निर्देश मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को दिए। मंडी की सड़कों की स्थिति काफी खराब होने पर उसको चिन्हित कर उसकी सूची उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय, नगर मजिस्ट्रेट, समस्त उप जिलाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, डीसी मनरेगा, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी सहित समस्त संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।