इंदारा। कोपागंज ब्लाक के कसारा चौक के पास पेयजल आपूर्ति के लिए बिछी पाइप लाइन लीकेज होने से जहां सैकड़ो लीटर पानी रोज बहकर व्यर्थ हो रहा है। वहीं इससे मार्ग पर जलजमाव होने से आवागमन में परेशानी भी हो रही है। वहीं, 15 गांवों में प्रेशर से पेयजल आपूर्ति भी नहीं हो पा रही है। कसारा, इंदारा, लैरो, रईसा, मुहम्मदापुर, करिमाबाद सहित 15 गांवों पेयजल आपूर्ति के लिए तीन दशक से अधिक समय पूर्व कसारा में ओवरहेड टैंक बनाने के बाद पाइप लाइन बिछाई गई है। मरम्मत के अभाव में यह क्षतिग्रस्त हो गई है। करीब छह माह से कसारा चौक पर पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने से यहां लीकेज के चलते सैकड़ों लीटर गैलन पानी सड़क पर बह रहा है। यही स्थिति इंदारा गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास इंदारा-मझवारा शहीद मार्ग पर तथा इंदारा गांव में पंचायत भवन के पास बनी हुई है। जलभराव हो जाने से सड़क पर फिसलन और कीचड़ की समस्या हो गई है। क्षेत्र के वकील गुप्ता, रजनीश सिंह, संदीप सिंह, सुनील, टुनटुन खरवार ने कहा कि शिकायत के बाद भ्ज्ञी विभाग ने दुरुस्त नहीं कराया है। ऐसे में लोग पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। पानी के लिए हैंडपंपो का सहारा लेना पड़ रहा है। जलनिगम के अधिशासी अभियंता एम किदवई ने ऐसी किसी समस्या के प्रति अनभिज्ञता जताई। कहा कि जानकारी लेकर इसका समाधान कराया जाएगा।