मऊ। गत शैक्षिक सत्र में अव्वल और नियमित उपस्थिति वाले बच्चों को नगर शिक्षा अधिकारी रवि प्रकाश तथा एलआईसी प्रबंधक सुरेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से बुधवार को शिक्षा विभाग कालोनी स्थित प्राथमिक विद्यालय के प्रांगण में ट्राफी और प्रशस्ति-पत्र देकर हौसला बढ़ाया। बुधवार को नगर क्षेत्र के एकल प्राथमिक विद्यालय शिक्षा विभाग कालोनी के प्रांगण में विद्यालय के कक्षा एक से पांच तक तीन तीन छात्र छात्राओं अंशिका, हरकिशन, प्रिंस, पियूष, राधा, पिंटु, आदित्य, प्रीती को विगत शैक्षिक सत्र में अच्छे अंको और वर्तमान सत्र में पहली अप्रैल से शत-प्रतिशत उपस्थिति के लिए एलआईसी के प्रबंधक सुरेंद्र कुमार और नगर शिक्षा अधिकारी रविप्रकाश ने सम्मानित किया। नगर शिक्षा अधिकारी रवि प्रकाश ने कहा कि एकल होते हुए भी प्रधानाध्यापक द्वारा बच्चों के नामांकन और उपस्थिति सुनिश्चित की है। एलआईसी प्रबंधक सुरेंद्र कुमार ने कहा कि बच्चे देश के भविष्य हैं। संचालन एआरपी चंद्रधर राय ने किया। प्रधानाध्यापक सुशील कुमार पांडेय ने आभार जताया। इस दौरान अनामिका, राजीव कुमार लिपिक, जितेंद्र राणा, राजीव चतुर्वेदी सहित अभिभावक उपस्थित रहे।