मऊ/दोहरीघाट। दोहरीघाट के तारनपुर गांव के पास हाईवे पर बुधवार सुबह छह बजे पुलिस की पशु तस्करों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कारवाई में गोली लगने से बिहार का रहनेवाला पशु तस्कर बबलू यादव घायल हो गया, जबकि उसके पांच अन्य साथी गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने पशुओ से भरे ट्रक को लेकर थाने पहुंची और 20 गोवंशों को मुक्त कराया।
एएसपी अनूप कुमार ने बताया कि बिहार के कुछ तस्कर गोरखपुर से ट्रक में गोवंश लादकर बिहार जा रहे थे। मुखबिर की सूचना पर गोरखपुर बॉर्डर को पार करते ही दोहरीघाट थाने की टीम ने घेराबंदी शुरू कर दी, लेकिन तस्करों की संख्या अधिक थी। उस क्षेत्र में दबिश देने निकली मऊ कोतवाली टीम ने सहयोग कर गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर तारनपुर गांव के पास तस्करों के ट्रक को रोका। ट्रक के आगे एक स्कॉर्पियो में बिहार के बक्सर जनपद के सेमरी थाना के राजपुर निवासी ट्रक चालक रामायन यादव के साथ छपरा के टाउन थाना क्षेत्र के रौजा निवासी बबलू यादव सवार था। आगे चल रही स्कॉर्पियो में बक्सर के नवानगर थाना क्षेत्र के कुकुरभोका निवासी रजनीकांत पांडेय, सिमरी थाना क्षेत्र के बड़का राजपूत निवासी लल्लन यादव, औद्योगिक थाना के भटवलिया निवासी मकरध्वज और छपरा के मुकामी थाना क्षेत्र के राजू कुमार सवार थे। बबलू यादव चलती ट्रक से पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग करने लगा। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, इसके बाद बाद सभी ने सरेंडर कर दिया। आरोपियों के पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद की गई। तस्करों के ट्रक से 11 संरक्षित पशु और 9 गोवंश मुक्त कराए गए। दोनों वाहनों को सीज कर थाने में खड़ा कर दिया गया।