{"_id":"60d0aa947d340779584b71be","slug":"electric-wire-fell-on-man-who-collecting-sand-on-road-in-mau-died-due-to-current-people-protest-with-deadbody","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"मऊ: बालू बटोर रहे युवक पर गिरा तार, करंट से मौत, तीन बेटियों की बाल-बाल बची जान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मऊ: बालू बटोर रहे युवक पर गिरा तार, करंट से मौत, तीन बेटियों की बाल-बाल बची जान
Mon, 21 Jun 2021 08:34 PM IST
उत्पल कांत
अमर उजाला नेटवर्क, मऊ
अमर उजाला नेटवर्क, मऊ
Published by: उत्पल कांत
Updated Mon, 21 Jun 2021 08:34 PM IST
सार
सड़क के किनारे रखा बालू बटोर रहे व्यक्ति पर सोमवार की शाम लगभग पांच बजे बिजली का तार गिर पड़ा और करंट लगने से उसकी मौत हो गई। घटना से नाराज कस्बे के लोगों ने मुख्य सड़क जाम कर दिया। मृतक की पत्नी ने बिजली विभाग के विरुद्ध तहरीर दी है।
विज्ञापन
मऊ: हादसे के बाद शव के साथ विलाप करते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के चिरैयाकोट-आजमगढ़ मार्ग के किनारे रखा बालू बटोर रहे व्यक्ति पर सोमवार की शाम लगभग पांच बजे बिजली का तार गिर पड़ा और करंट लगने से उसकी मौत हो गई। इस घटना में साथ काम कर रही उसकी बेटियां बाल बाल बच गईं। घटना से नाराज कस्बे के लोगों ने मुख्य सड़क जाम कर दिया।
विज्ञापन
करीब पौन घंटे बाद पहुंचे एसडीएम मुहम्मबाद गोहना राम भवन तिवारी ने पांच लाख रुपये आर्थिक मदद दिए जाने का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। मृतक की पत्नी ने बिजली विभाग के अधिकारियों के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दी है।
विज्ञापन
चिरैयाकोट के चौरहिया वली नगर निवासी कलाम अंसारी (45) आजमगढ़-चिरैयाकोट मार्ग के किनारे रखा अपना मोरंग बालू बटोर रहा था। इस कार्य में उसकी तीन बेटियां भी हाथ बंटा रही थीं। शाम लगभग पांच बजे बिजली का एक तार टूट कर कलाम की पीठ पर गिर पड़ा और करंट लगने से कलाम की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसकी तीनों बेटियां बाल-बाल बच गईं।
विज्ञापन
घटना से आक्रोशित लोगों ने आजमगढ़-चिरैयाकोट मार्ग जाम कर दिया। नाराज लोग पीड़ित परिवार को पर्याप्त मुआवजा देने की मांग कर रहे थे और लापरवाह बिजली कर्मियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की जिद पर अड़े थे। लगभग पौने छह बजे एसडीएम राम भवन तिवारी पहुंचे। उन्होंने अधिशासी अभियंता खंड द्वितीय से बात की। एसडीएम ने लोगों को बताया कि बिजली विभाग मृतक के परिवार को पांच लाख रुपये की सहायता देगा। इसके बाद एसडीएम ने जाम हटवाया। कलाम की पत्नी रेहाना ने बिजली विभाग के विरुद्ध तहरीर दी है।