मऊ। बदहाल सड़कें लोगों के आवागमन में दुश्वारियां पैदा कर रही हैं। नगर और जिले में इन सड़कों की अब तक मरम्मत न करने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। उनका कहना है कि सरकार के गड्ढा मुक्त सड़कों के अभियान को विभागीय अधिकारी पलीता लगा रहे हैं। बरसात भी नजदीक है। ऐसे में यदि मरम्मत नहीं हुई तो जलभराव के चलते यातायात में और परेशानियां खड़ी हो जाएंगी। उधर, शिकायत के बाद भी विभागीय अधिकारी लापरवाह बने हैं। करीब आठ किमी लंबी धवरियासाथ-बरलाई सड़क पर जगह जगह गड्ढे होने से आवागमन करना मुश्किलों भरा हो गया है। इस मार्ग से कासिमपुर, बैजापुर, कुर्थीजाफरपुर, रैनी सहित कई गांवों के लोगों को जिला अस्पताल, कचहरी, तहसील, रेलवे स्टेशन आना-जाना होता है। सबसे ज्यादा परेशानी कासिमपुर तक है। क्षेत्र के बृजमोहन, राजन, नकुल, मनीष ने बताया कि सड़क से गतंव्य स्थान तक पहुंचने में घंटों लग रहे हैं। कोपागंज : गड्ढेमुक्त सड़कों का दावा जिले में केवल कागजों पर दुरुस्त होता दिख रहा है। अधिकांश सड़कें गड्ढामुक्त होने की बाट जोह रही हैं। कोपागंज की तीन प्रमुख सड़कें है जो कि काफी समय रखरखाव औ मरम्मत की बाट जो रही हैं। चाहे वह कोपागंज-कसारा मार्ग हो या कसारा मोड़ से इंदारा मार्ग तथा कसारा से मुँगमास जाने वाली सड़क। सभी की स्थिति अत्यंत दयनीय है। इन पर वाहन तो छोड़िये पैदल चलना भी दुश्वारियों भरा है। वहीं कसारा मोड़-इंदारा मार्ग-कोपागंज क़स्बा को कई ग्राम सभाओ से जोड़ने वाली यह पांच किलोमीटर लंबी सड़क पर बड़े बड़े गड्डे बन गए। जयरामगढ़ से मुँगमास जाने वाली आठ किमी. की सड़क क्षतिग्रस्त है। राकेश यादव, सूर्यप्रकाश, मुन्ना, विपिन ने बताया कि कागजों पर गड्ढामुक्त सड़कों को ठीक कराने का दावा किया जा रहा है। जो हकीकत से कोसों दूर है। ऐसे में बारिश में इन बदहाल सड़कों पर बने गड्ढे लोगों के लिए जानलेवा साबित होंगे। रानीपुर : क्षेत्र का दौलसेपुर-तेंदुली नहर चट्टी मार्ग गड्ढे में तब्दील हो गया है। सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो जोन से आवागमन में दिक्कतें आ रही हैं। शिकायतों के बाद भी सड़क पर मरम्मत का काम शुरू नहीं किया गया। दौलसेपुर-तेंदुली नहर चट्टी तक जाने वाली दो किमी लंबी सड़क बदहाल हो गई है। मरम्मत के अभाव में जगह-जगह गिट्टियां उभर आई है। सड़क से क्षेत्र के महासो, भरथीपुर, एकडंगा, बड़ार, हाजीपुर, मंझरिया, तेंदुली, पलिगढ़, लोहातिकर, खानपुर सहित विभिन्न गांवों के लोगो का जिला मुख्यालय से लेकर तहसील मुख्यालय आना-जाना लगा रहता है। क्षेत्र के मनोज कुुमार, हरिकेश प्रसाद, रामचंद्र, सोनू ने बताया कि सड़क पर मरम्मत कार्य शुरू कराने को लेकर आला अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया गया, लेकिन आश्वासन के सिवाय कुछ भी हासिल नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि बरसात से पहले सड़क पर मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया गया तो वह आंदोलन करेेंगे।

रानीपुर ब्लाक क्षेत्र के दौलसेपुर से तेंदुली नहर चट्टी तक जाने वाली बदहाल जजर्र सड़क।संवाद- फोटो : MAU