मऊ। मुंबई, दिल्ली, अहमदाबाद सहित दूसरे महानगरों से होली पर घरों को लौटना लोगों के लिए मुश्र्िकलों भरा साबित हो रहा है। ट्रेनों में लंबी वेटिंग मिल रही है। आरक्षण केंद्र पर रिजर्वेशन कराने के लिए मारामारी हो रही। स्थित तो यह है कि वेटिंग टिकटों की संख्या इतनी अधिक हो गई है कि काउंटर से टिकट की बिक्री बंद हो गई है। जबकि जिले से होकर गुजने वाली लंबी दूरी की ट्रेनों में आरक्षण की स्थिति बदतर है। हर साल की तरह इस साल भी होली पर पूर्वांचल की तरफ जाना मुश्किल है। ऐसे में दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, सूरत, बंगलौर सहित दूसरे महानगरों में रह रहे प्रवासियों को अपनों के साथ होली खेलने जाने के लिए अन्य यातायात के संसाधन इस्तेमाल करने होंगे। क्योंकि होली तक किसी भी ट्रेन में सीट खाली नहीं है। मुंबई से आनी वाली ट्रेन गोदान, दादर दोनों ट्रेनों में स्लीपर में वेटिंग की स्थिति 200 से ज्यादा है। वहीं दिल्ली को जाने और आनी वाली ट्रेन आनंद विहार एक्सप्रेस में भी 120 से ज्यादा वेटिंग है। जो कि अगले सप्ताह तक है, उम्मीद जताई जा रही है कि समय के साथ वेटिंग और बढ़ेगी। इसी तरह ताप्ती गंगा में 145 जबकि गोरखपुर- अहमदाबाद एक्सप्रेस में 170 से ज्यादा वेटिंग है। सबसे बदतर स्थिति सरयू यमुना एक्सप्रेस में है, इसमें अगले माह तक की वेटिंग 300 तक है। इसके अलावा किशनगंज से अजमेर जानी वाली गरीब नवाज एक्सप्रेस में अगले सप्ताह तक सीट उपलब्ध नहीं है। महानगरों से आने तथा जानी वाली ज्यादातर ट्रेनें फुल हैं। एसी क्लास ही नहीं स्लीपर व सेकेंड क्लास स्लीपर में भी कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है। इस स्थिति में दिल्ली, मुंबई सहित सभी रेलवे स्टेशन पर निराश होकर लोग लौट रहे है। मऊ जंक्शन के आरक्षण केंद्र पर आरक्षण के लिए घंटों लाइन में लगने के बाद भी कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा। नए वैरिएंट ओमिक्रोन की दशहत से लग रहा था कि इस बार ट्रेनों में सीटें खाली रहेंगी। लेकिन जैसे जैसे संक्रमण की रफ्तार थम रही है तो ट्रेनों में बुकिंग भी तेज हो गई है। किसी भी ट्रेन में जगह नहीं है और लंबी वेटिंग चल रही है। कई ट्रेनों में वेटिंग 200 के पार हो चुकी है।

रेलवे स्टेशन स्थित आरक्षण केंद्र पर टिकट बुक कराने के लिए लगी लंबी कतार। संवाद- फोटो : MAU