सावन महीने के अंतिम सोमवार को देर शाम मुहम्मदाबाद गोहना के सैदपुर मोहल्ला स्थित प्राचीन शिव मंदिर और गोलवाल टोला स्थित हनुमान मंदिर में झांकी सजाई गई। साथ ही भक्तों की तरफ से निकाली गई झांकी आकर्षण का केंद्र रही।
हनुमान मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने शंकर तिराहा से उज्जैन के राजा महाकाल की झांकी निकाली। झांकी परंपरागत रास्तों से होते हुए विजय स्तंभ चौक पहुंचने के बाद वापस हनुमान मंदिर पर पहुंची। जहां मंदिर समिति के लोगों ने आरती के बाद खिचड़ी का भोग लगाकर भक्तों में प्रसाद बांटा। इसी प्रकार प्राचीन शिव मंदिर पर भी मंदिर समिति के लोगों ने पूजन के बाद प्रसाद वितरित किया। दोनों स्थानों पर देर शाम तक कार्यक्रम चलते रहे। भक्तों ने झांकी और अन्य धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। हर हर महादेव के जयकारे से क्षेत्र गुंजायमान रहा। इस दौरान मंदिर के पुजारी दीपक पाठक, सुमंत गिरि, प्रिंस गुप्ता, पीयूष गुप्ता, रजत गुप्ता, श्याम वर्मा, रवि गुप्ता आदि मौजूद रहे।