Mau News: व्यापारी से मारपीट में दरोगा और सिपाही पर गिरी गाज, 48 घंटे बाद विसर्जित हुईं प्रतिमाएं
मऊ जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के युवा व्यापारी से मारपीट के आरोप में दरोगा और सिपाही को निलंबित कर दिया गया। पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज करने को लेकर क्षेत्र की दुर्गा प्रतिमाएं गुरुवार की दोपहर तक रुकी रहीं।
विस्तार
मऊ जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के युवा व्यापारी से पुलिसकर्मियों के मारपीट के मामले में क्षेत्र के सभी व्यापारी लामबंद हो गए। पुलिसकर्मियों पर मुकदमा दर्ज करने को लेकर क्षेत्र की दुर्गा प्रतिमाएं गुरुवार की दोपहर तक रुकी रहीं। बाद में विधायक से वार्ता के बाद एसपी ने दोनों पुलिसकर्मियों को निलंबित करते हुए जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। तब जाकर शाम को प्रतिमाएं विसर्जित की गईं।
जानकारी के अनुसार, एक अक्तूबर की शाम सौरभ गुप्ता सुग्गी चौरी से मधुबन आ रहे थे। रास्ते में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। जिसके बाद पुलिस सौरभ को थाने ले गई और अगले दिन शांतिभंग की धारा में चालान कर दिया। व्यापारी का आरोप है कि पुलिस ने उसे पीटा भी। इस मामले को लेकर बुधवार को व्यापारी दुकानें बंद कर सड़क पर आ गए।
मुकदमा दर्ज कराने की मांग पर अड़े रहे व्यापारी
दोपहर 12 बजे शहीद स्मारक पर व्यापारियों ने बैठक कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर एसडीएम मनोज कुमार तिवारी तथा सीओ अभय सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए बताया कि मारपीट के आरोप में उपनिरीक्षक अजय कुमार सिंह तथा आरक्षीपिंटू यादव को लाइन हाजिर कर दिया गया है। लेकिन व्यापारी उन पर मुकदमा दर्ज कराने तथा घटना में शामिल दूसरे पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
चेताया कि यदि मांगे नहीं मानी गईं तो दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन नहीं किया जाएगा। एसडीएम-सीओ ने सौरभ के पिता विनोद गुप्ता के साथ ही अन्य व्यापारियों बबलू ठठेरा, शंकर मद्देशिया, बृजेश जायसवाल के साथ घंटेभर बैठक की। व्यापारियों को आश्वासन दिया कि दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद व्यापारी माने और विसर्जन के लिए राजी हुए, लेकिन शाम होते ही लिखित मांग तथा घटना में शामिल दूसरे सभी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर अड़ गए और मांग पूरा न होने तक प्रतिमा विसर्जन न करने का फैसला लिया। नतीजतन, बृहस्पतिवार को दोपहर तक तहसील क्षेत्र की सभी नौ प्रतिमाएं अपने पंडाल में ही रहीं। इस बीच मधुबन विधायक रामविलास चौहान एसपी अविनाश पांडेय से मिले।