चिरैयाकोट। थाना क्षेत्र के भोगवा जलालपुर गांव के पास से बुधवार शाम चार बजे थाना की पुलिस ने डी-9 गिरोह के सदस्य सुधीर सिंह को गिरफ्तार किया। वह 22 मार्च 2016 में हीरो होंडा एजेंसी के मालिक विनोद वर्मा की हत्या मामले में वांछित था।
पुलिस ने उसे गाजीपुर जनपद से चोरी की एक बाइक के साथ गिरफ्तार किसा। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसका चालान न्यायालय किया। सरसेना पुलिस चौकी प्रभारी मनीष मणि त्रिपाठी अपने सहयोगी के साथ बुधवार शाम भोगवा जलालपुर गांव के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान एक बाइक आती दिखी। जब पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो वह भागने लगे। पुलिस ने उसका पीछा कर उसे बाइक के साथ सहित पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध 315 बोर का तमंचा और एक 315 बोर का कारतूस बरामद हुआ। उसकी पहचान सुधीर सिंह पुत्र कमलेश सिंह निवासी थाना क्षेत्र के ग्राम अल्देमऊ के रूप में हुई। इस संबंध थानाध्यक्ष संजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त डी 9 गिरोह का सदस्य रहा है। इसके ऊपर हत्या, लूट, छिनैती, रंगदारी आदि जैसे 30 मुकदमें स्थानीय थाना व अन्य कई थानों में दर्ज हैं। चिरैयाकोट में वर्ष 22 मार्च 2016 को हुई हीरो होंडा एजेंसी मालिक विनोद वर्मा उर्फ बिन्नू की हत्या में इसका भी नाम शामिल है। डी-9 गिरोह के मुखिया धर्मेंद्र सिंह की इनकाउंटर में मौत के बाद से यह फरार चल रहा था।