मधुबन। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्र रात्रि में अपने पैतृक निवास पहाड़ीपुर खिरिया में विश्राम करने के बाद शनिवार सुबह करीब नौ बजे कौतुकी एग्रो डेयरी फार्म फतहपुर ताल चवंर पहुंच गए। वहां उन्होंने कंपनी के प्रबंध निदेशक आनंद प्रकाश मिश्रा को डेयरी संचालन के बाबत जानकारी दी। मुख्य सचिव डेयरी में घूम कर एक-एक प्रक्रिया की बारीकी से जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचल में इस तरह की डेयरी के होने से न केवल लोगों को सस्ते दर पर अच्छी क्वालिटी के डेयरी प्रोडक्ट मिल जा रहे हैं बल्कि साथ में स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी उपलब्ध हो रहे हैं।
मुख्य सचिव ने कंपनी के डायरेक्टर विकास मिश्र से डेयरी प्रोडक्ट के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।डेयरी के महाप्रबंधक एनकेपी सिंह से पूछा कि डेयरी के कार्यक्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए किस प्रकार की सरकारी सहायता की आवश्यकता है। जिससे इसका लाभ क्षेत्र की जनता को सीधे तौर पर मिल सके। महाप्रबंधक ने पशु पालन के लिए प्रत्येक गांव में दुग्ध क्रय केंद्र की स्थापना, दुधारू पशुओं के लिये अलग से क्रय केंद्र बनाने, लघु तथा भूमिहीन किसानों को रियायती दर पर ऋण उपलब्ध कराये जाने आदि सुझाव दिए। मुख्य सचिव ने महाप्रबंधक की बातों को ध्यानपूर्वक सुनकर आश्वासन दिया कि प्रदेश में श्वेत क्रांति को बढ़ावा देने के लिए सरकार द्वारा कई ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किसानों, लघु उद्योग से जुड़े लोगों, छोटे कारोबारियों आदि के उत्थान के लिए सरकार द्वारा आर्थिक मदद की जा रही है। दुग्ध कारोबार को बढ़ावा देने पर भी सरकार का विशेष फोकस है। इसलिए कंपनी के कार्य क्षेत्र को आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा हर संभव सहायता का प्रयास किया जाएगा।