रानीपुर। ब्लाक के काझा ग्राम पंचायत में मनरेगा से कराये गये विकास कार्यों का स्थलीय सत्यापन केंद्र सरकार की दो सदस्यीय टीम ने बुधवार को किया। टीम ने प्रधानमंत्री आवास सहित कई विकास कार्यों का निरीक्षण किया। टीम ने पिछले कार्यकाल के ग्राम प्रधान द्वारा निर्मित कराए गए आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान प्राथमिक कन्या पाठशाला से राधे सिंह के घर तक खड़ंजा निर्माण की पैमाईश कराकर सत्यापन किया। इसके पश्चात टीम ने अंबिका चौहान को मिले प्रधानमंत्री आवास का निरीक्षण कर लाभार्थी से मनरेगा से मजदूरी के भुगतान के बारे में पूछा। टीम ने गांव के ही बबलू ,शोभ नरायण ,तरूण सिंह के मनरेगा से बने पशु शेड का निरीक्षण किया। गांव के ही ओमप्रकाश, जयप्रकाश, कैलाश के मनरेगा से बने सोख्ता की पैमाईश कराकर जांच की। वहीं जोखन के खेत से रमेश के घर तक हुए इंटरलाकिंग की लंबाई चौड़ाई की पैमाईश कराकर कार्यके भुगतान के लिए बने मस्टररोल का मिलान किया गया। टीम के सदस्यों ने वर्तमान ग्राम प्रधान के द्वारा रामवन काझा शूर बाबा की कुटी पर कराए गए इंटरलाकिंग का निरीक्षण किया। शूर बाबा के कुटी पर पौधरोपण पर अंसतुष्ट दिखी। टीम की लीडर मीनाक्षी हुड्डा ने उच्च प्राथमिक विद्यालय काझा नम्बर एक पर पहुंचकर छात्र छात्राओं का हौसला बढ़ाया। इस दौरान खंड विकास अधिकारी कलाधर पांडेय, ए पीओ मनीष गुप्ता, तकनीकी सहायक गोमती यादव,सचिव राघवेंद्र सिंह, पूर्व प्रधान प्रतिनिधि अजय कुमार सिंह, प्रधान रविशंकर मौजूद रहे।