लोकसभा चुनाव में अधिक से अधिक मतदान के लिए गुरुवार को भी जिले के विभिन्न स्थानों पर रैली निकाली गई। इस दौरान जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीणांचल में मतदाता जागरुकता का कार्य छात्रों ने किया।
जिला मुख्यालय स्थित राजकीय बालिका इंटर कालेज की छात्राओं ने गुरुवार को विद्यालय परिसर से मतदाता जागरुकता रैली निकाली। रैली को कालेज की प्रधानाचार्य शमा शेख ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में शामिल छात्राएं तथा शिक्षिकाएं अपने हाथ में स्लोगन से लिखे पोस्टर तथा बैनर लिए हुए नारे लगाते हुए चल रही थीं। रैली में प्रधानाचार्य शमा शेख के साथ अन्य शिक्षिकाएं साथ साथ चल रही थी। अमिला संवाददाता के अनुसार कस्बा स्थित शांतानंद स्वतंत्र भारत इंटर कालेज के छात्रों ने मतदाता जागरुकता रैली निकाली। रैली सदर बाजार होते हुए पठानटोला, कायस्थटोला, टेढ़ीगली, बाइपास होते हुए कालेज आकर गोष्ठी में तब्दील हो गई। रैली में शामिल छात्र लोकतंत्र की बढाएं शान, 19 मई को करें मतदान, बूढे हो या जवान सभी करे मतदान आदि नार लगाते हुए चल रहे थे। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक किया। इस अवसर पर सुशील राय, अवधेश यादव, विनोद पांडेय, रामविजय यादव, देवेंद्र नाथ राय, प्रेमशंकर राय, अजय कुमार, जयप्रकाश राय आदि उपस्थित रहे।