{"_id":"69a696da02b88e6c860bd1af","slug":"youth-shot-dead-in-suspected-honour-killing-minor-girl-attempts-suicide-in-naujheel-2026-03-03","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"UP: बहन से प्यार करने की दी खौफनाक सजा, प्रेमी की गोली मारकर हत्या, प्रेमिका ने भी लगाई फांसी; हालत गंभीर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
UP: बहन से प्यार करने की दी खौफनाक सजा, प्रेमी की गोली मारकर हत्या, प्रेमिका ने भी लगाई फांसी; हालत गंभीर
Tue, 03 Mar 2026 01:37 PM IST
Dhirendra Singh
संवाद न्यूज एजेंसी, मथुरा
संवाद न्यूज एजेंसी, मथुरा
Published by: Dhirendra Singh
Updated Tue, 03 Mar 2026 01:37 PM IST
सार
उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में प्रेम-प्रसंग से नाराज भाई ने 29 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से आहत किशोरी ने भी फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की, जिसे गंभीर हालत में मथुरा से आगरा रेफर किया गया है।
विज्ञापन
मौके पर पहुंची पुलिस
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
मथुरा के नाैहझील थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार की सुबह युवक ने अपनी बहन के कथित प्रेमी युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलने पर किशोरी ने भी फंदा लगाकर खुदकुशी का प्रयास किया। उसे गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव के मद्देनजर फोर्स तैनात किया गया है। पुलिस ने आरोपी युवक व उसके साथी के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पीड़ित परिजन ने बताया है कि आरोपी ने वारदात का दोनों हाथों में तमंचे लेकर वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है।
विज्ञापन
घटना मंगलवार सुबह करीब नौ बजे की है। पुलिस ने बताया कि शादीशुदा युवक अर्जुन (29) के प्रेम प्रसंग गांव की लड़की से हो गए। इसकी भनक लड़की के भाई भोला को लग गई थी। सुबह अर्जुन अपने साथियों के साथ गांव के मंदिर के पास बैठा था, तभी भोला अपने साथी बॉबी के साथ वहां पहुंचा और उसे बातचीत के बहाने पास ही स्थित पथवारी मंदिर की ओर ले गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
आरोप है कि इसके बाद भोला ने अर्जुन के सीने में तमंचे से गोली मार दी। गोली लगने के बाद अर्जुन गांव की तरफ भागा तो हमलावरों ने दूसरी गोली भी चला दी मगर वह अर्जुन को नहीं लगकर सामने घर की चौखट में जा धंसी। अर्जुन लहुलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा और हमलावर भाग निकले। सूचना पर पहुंचे परिजन अर्जुन को नौहझील स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अर्जुन की मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, लड़की ने भी घर के भीतर खूंटी के सहारे साड़ी से फंदा लगाकर जान देने की कोशिश की। मां की चीखपुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने उसे फंदे से उतारा और अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे गंभीर हालत में मथुरा से आगरा रेफर कर दिया। घटना के बाद दोनों ही पक्षों में तनाव पैदा हो गया।
सूचना पर नौहझील, सुरीर, मांट और शेरगढ़ थानों का फोर्स गांव पहुंच गया। सीओ संदीप कुमार सिंह और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। एसपी देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग के चलते युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। लड़की ने भी आत्महत्या करने का प्रयास किया है, जिसका उपचार चल रहा है। मृतक के परिजन ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस दोनों हत्यारोपियों की तलाश कर रही है।