वृंदावन। प्रस्तावित श्रीबांकेबिहारी मंदिर कॉरिडोर और न्यास के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुक्रवार को लगातार 65वें दिन भी जारी रहा। विरोध स्वरूप स्थानीय ब्रजवासी महिलाओं ने मंदिर चबूतरे पर बैठकर स्वामी हरिदास जी की वाणी श्रीकेलिमाल जी का पाठ किया और श्रीबिहारीजी से कॉरिडोर योजना को समाप्त कराने की प्रार्थना की।
वृंदावन निवासी सीता अग्रवाल ने कहा कि यूनिस्को जहां विश्व धरोहरों को सहेजने का काम करता है वहीं हमारी सरकार उसे तोड़ने में लगी है। ब्रज की असली पहचान उसकी गलियों और परंपराओं में है जिसे खत्म नहीं किया जाना चाहिए। श्वेता बंसल ने कहा कि मंदिर परिसर के अंदर ही व्यवस्था सुधारी जा सकती है। प्राचीन कुंज गलियों और ऐतिहासिक भवनों का नाश कर कॉरिडोर बनाना किसी भी तरह से उचित नहीं है।
प्रदर्शन में नीलम गोस्वामी, प्रीति गोस्वामी, रितिका शर्मा, मधु गोस्वामी, रेखा गोस्वामी, निशा शर्मा, पूजा गोस्वामी, रीना गोस्वामी, अदिति गोस्वामी, पूनम मिश्र आदि शामिल रहीं। संवाद