UP: डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार बाइक, दो दोस्तों की मौत; नरी सेमरी माता का मेला देखकर लौट रहे थे घर
नरी सेमरी माता का मेला देखकर लौट रहे दोस्तों की बाइक डिवाइडर से टकरा गई। सिर पर गंभीर चोट लगने से दोनों की मौत हो गई। खबर मिली तो घरवालों में चीख पुकार मच गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मथुरा में बुधवार की रात बाइक सवार दोस्तों की बाइक डिवाइडर से टकरा गई। दोनों की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को शवों का पोस्टमार्टम कराया। हादसा हाईवे थाना में आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर जयगुरुदेव आश्रम के पास हुआ।
हाईवे थाना क्षेत्र के ही बिरजापुर निवासी राहुल कुमार (30) आगरा में जूता फैक्ट्री में काम करता था। बीती दो मार्च को उसकी शादी हुई थी। उसके बाद से घर पर ही था। बुधवार शाम सात बजे पड़ोसी दोस्त नरेंद्र (26) के साथ बाइक लेकर निकला था। दोनों छाता में नरी सेमरी माता का मेला देखने के लिए निकले थे। रात करीब 11 बजे लौटते वक्त जयगुरुदेव आश्रम से पहले हाईवे को छोड़ सर्विस लेन की ओर मुड़े।
इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर में जा घुसी। दोनों की सिर में गंभीर चोट लगने से वहीं गिर गए। कुछ ही समय में मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। सूचना पुर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बाइक नंबर के आधार पर उनकी शिनाख्त की गई। देर रात को ही परिवारवालों को सूचना दी गई। मौत की सूचना मिलते ही परिवारों में मातम पसर गया।
किरण के हाथों की मेहंदी छूटने से पहले पति की मौत
भरतपुर निवासी किरण दो अप्रैल को ही राहुल कुमार के साथ शादी कर बिरजापुर आई थी। उसके हाथों की मेहंदी और देह की हल्दी तक ठीक से नहीं छूटी थी कि उसके पति की सड़क हादसे में मौत हो गई। पति की मौत की सूचना पर किरण बदहवास हो गई। राहुल कुमार के पांच भाईयों में दूसरे नंबर का था। अन्य भाई भी मजदूरी करते हैं।
हलवाई का काम करता था नरेंद्र
नरेंद्र हलवाई का काम करता था। उसका व राहुल का दोस्ताना बचपन का था। दोनों साथ-साथ ही घूमने जाते थे। परिजनों के अनुसार पढ़ाई भी दोनों की साथ ही हुई थी। दोनों को मौत भी इस हादसे में एक साथ नसीब हुई है। नरेंद्र के परिवार में भी मौत की सूचना पर मातम पसर गया।
सड़क हादसे में बिरजापुर के राहुल और नरेंद्र की मौत हुई है। दोनों की बाइक डिवाइडर में घुसी थी। शव पोस्टमार्टम के बाद परिवार वालों को सौंप दिए हैं। -श्वेता वर्मा, सीओ रिफाइनरी