मथुरा। रक्षाबंधन का त्योहार खत्म होने के बाद अब बहनें अपनी ससुराल लौटने लगी हैं। शनिवार को रक्षाबंधन के कारण बढ़ी वाहनों की संख्या जाम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग समेत शहर के विभिन्न हिस्सों में जाम के हालात रहे। वहीं रविवार को भी सुबह से देर रात तक राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर पुराने एआरटीओ कार्यालय से एटीवी कॉलोनी तक वाहनों की कतार लगी रही।
रविवार को भी रक्षाबंधन की तरह शहर और राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर जाम के हालात रहे। राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को देर रात तक जाम के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर के अंदर होलीगेट, दरेसी मार्ग, डीग गेट, मसानी तिराहा, भरतपुर गेट, कृष्णा नगर तिराहा, महोली रोड, गोवर्धन चौराहा पर जाम लगा रहा। जाम खुलवाने के लिए तैनात पुलिसकर्मी पूरे दिन वाहन चालकों से जूझते रहे।
एसपी ट्रैफिक मनोज कुमार यादव ने बताया कि जाम से निपटने के लिए प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। त्योहार के कारण अचानक वाहनों की संख्या बढ़ने के कारण जाम के हालात उत्पन्न हुए हैं।