मथुरा। स्कूल बस चालक की लापरवाही से हाल ही में आर्मी पब्लिक स्कूल के छात्र की मौत हुई थी। बृहस्पतिवार दोपहर को सरस्वती शिशु मंदिर की बस के चालक ने मोबाइल पर बात करने के दौरान नियंत्रण खो दिया और बस विद्युत पोल से जा टकराई। हादसे के बाद बच्चों में चीखपुकार मच गई। एक बच्चा चोटिल भी हुआ। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है।
सरस्वती शिशु मंदिर की बस दोपहर करीब एक बजे बच्चों को लेकर रेलवे कॉलोनी में छोड़ने जा रही थी। बच्चों ने बताया कि चालक मोबाइल पर बात कर रहा था। इसी दरम्यान उसने बस से नियंत्रण खो दिया। बस लहराती हुई विद्युत पोल से जा टकराई। इससे बस में सवार बच्चों में चीखपुकार मच गई। एक बच्चे को चोटें भी आईं। गनीमत रही कि विद्युत पोल नहीं टूटा, क्योंकि पोल में करंट प्रवाहित हो रहा था। हादसे की जानकारी होने पर ब्रज यातायात व पर्यावरण जन जागरूकता समिति के संस्थापक अध्यक्ष विनोद दीक्षित ने उच्चाधिकारियों को घटना से अवगत कराया। कहा कि स्कूली बसों से लगातार हादसे हो रहे हैं। इनकी फिटनेस जांच कराई जाए। चालकों का सत्यापन कराएं। उन्होंने बस चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की मांग की। समिति ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक करके इस मुद्दे पर दिशा निर्देश देने की मांग भी उठाई। बाद में पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया।