मथुरा: अनुसूचित जाति के परिवारों पर हमले के आरोपी अभी भी फरार, गांव अड्डा में तनावपूर्ण शांति, पीएसी तैनात
थाना मगोर्रा के गांव अड्डा में 20 फरवरी को दलितों परिवारों पर दबंगों ने हमला करके घायल कर दिया था। पथराव एवं असलहा लहराते लोगों का वीडियो वायरल हुआ था। मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आई थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अनुसूचित जाति के परिवार पर हमले के छठवें दिन मगोर्रा के गांव अड्डा में शांति के बीच सन्नाटा रहा। हमलावरों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है, पर अभी तक नाकाम ही रही है। डीएम और एसएसपी की सख्ती से पुलिस हर गतिविधि पर कड़ी नजर बनाए है। सुरक्षा के लिए एक प्लाटून पीएसी को तैनात कर दिया गया है। गांव में हर गतिविधि पर पुलिस और पीएसी के जवान पल-पल नजर रखे हैं।
थाना मगोर्रा के गांव अड्डा में 20 फरवरी को अनुसूचित जाति के परिवारों पर दबंगों ने हमला करके लोगों को घायल कर दिया था। पथराव एवं असलहा लहराते लोगों का वीडियो वायरल हुआ था। मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आई थी। घटनाक्रम के दूसरे दिन पीड़ित परिवार की तहरीर पर मेघश्याम, लवकुश, प्रहलाद, आकाश, विकास उर्फ कल्लू, त्रिलोकी, रोहताश के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके बाद से सभी आरोपी फरार हैं।
पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। गांव में तनावपूर्ण माहौल के चलते पुलिस बल तैनात है। पुलिस हर गतिविधि पर नजर बनाए है। प्रशासन और पुलिस के अधिकारी घटनाक्रम में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से शामिल संदिग्धों की भूमिका की जानकारी जुटा रही है।
पुलिस की लापरवाही से घटना ने पकड़ा तूल
हमले के मामले ने पुलिस की लापरवाही से तूल पकड़ लिया। दरोगा ने सुनवाई की जगह घायलों को ही थाने से भगा दिया था। घटनाक्रम के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल होने से लोग पुलिस कार्रवाई से नाराज हो गए। सीओ गौरव त्रिपाठी ने मामले का संज्ञान लेकर तत्काल मुकदमा दर्ज कराया और पीड़ितों को न्याय का भरोसा दिलाया। घटना की जांच कर रहे सीओ ने बताया कि आरोपी शीघ्र ही गिरफ्तार होंगे।
गांव में पीएसी तैनात
मगोर्रा के गांव अड्डा में तनावपूर्ण शांति के बाद शुक्रवार को अनुसूचित जाति के लोगों की सुरक्षा के लिए एक प्लाटून पीएसी को तैनात कर दिया गया है। गांव में हर गतिविधि पर पुलिस और पीएसी के जवान पल-पल नजर रखे हैं। एसपी ग्रामीण श्रीशचंद ने बताया कि शुक्रवार को पीएसी की एक प्लाटून तैनात की गई है।