गोवर्धन (मथुरा)। भक्ति वेदांत समिति द्वारा गोवर्धन पूजा के उपलक्ष्य में शोभायात्रा निकाली गई। सोमवार को सुबह 10 बजे शोभायात्रा गिरधारी गौड़ीय मठ से शुरू हुई। इसमें सैकड़ों देशी-विदेशी श्रद्धालु टोकरियों में अनेक प्रकार के व्यंजन सजा कर बिजली घर, दसविसा बाजार होते हुए राजा वाले मंदिर के निकट गिरिराज शिलाओं पर पूजा-अर्चना करने पहुंचे।
यहां श्रीमद् भक्ति वेदांत समिति के माधव महाराज के निर्देशन में दूध, दही, घी, गंगाजल से अभिषेक किया गया। भक्तगण हरिनाम संकीर्तन करते हुए राधाकुंड परिक्रमा मार्ग स्थित राजा वाले मंदिर पर पहुंचे। वहां दुग्धाभिषेक कर पूरी, मालपूआ, फल, मेवा को टोकरियों में रखकर भोग लगाया गया। मंदिर प्रांगण में बैठ कर भजन-संकीर्तन किया। माधव महाराज ने बताया कि हर वर्ष विदेशों से काफी संख्या में श्रद्धालु गोवर्धन पूजा करने आते हैं, लेकिन इस बार कोविड-19 महामारी के कारण भक्तगणों की संख्या काफी कम है। इस अवसर पर श्रीमद् भक्ति वेदांत वन महाराज, नर सिंह महाराज, नंद नंदन दास, शशि दास, ऋषिकेश, दामोदर दास, विजय प्रभु, नीरज शर्मा आदि मौजूद थे। लाखों श्रद्धालुओं ने गिरिराज प्रभु की सप्तकोसीय परिक्रमा लगाकर मनौती मांगी। घर-घर में गोबर से बने गिरिराज जी की पूजा हुई।