मथुरा। ब्रज की होली में रंगने के लिए देश-विदेश से लोग मथुरा पहुंच रहे हैं। ऐसे में रेलवे अधिकारियों ने रेलवे जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। प्लेटफार्म एक और दो पर आने वाली यात्रियों की भीड़ ट्रैक की तरफ नहीं पहुंचे इसके लिए स्टेशन पर रस्सा बांध दिया गया है।
स्टेशन के अधिकारियों ने कहा कि ब्रज की होली खेलने के लिए शनिवार से भीड़ उमड़ने लगी है। भीड़ को काबू करने के लिए स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ के अतिरिक्त जवानों को लगाया गया है। जो ट्रेन के आते ही सक्रिय हो जाएंगे। इसके अलावा कोई भी यात्री रेलवे ट्रैक की ओर नहीं पहुंचे इसके लिए लगातार सीसीटीवी कैमरे से भी निगरानी रखी जा रही है।
जीआरपी प्रभारी यादराम सिंह ने बताया कि 14 मार्च तक ब्रज में अलग-अलग दिन होली मंदिरों में खेली जाएगी, ऐसे में दिल्ली, भोपाल, मुंबई, सूरत, हरियाणा के अलावा देश-विदेश से लोग पहुंच रहे हैं। भीड़ को काबू करने के लिए ढ़ाई सौ से अधिक जीआरपी का स्टाफ प्लेटफार्म पर लगाया गया है। प्लेटफार्म एक और दो पर रस्सा बांध दिया गया है जो भी यात्री ट्रैक की तरफ नहीं पहुंचे। रेलवे पीआरओ प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि होली के लिए स्टेशन पर अतिरिक्त स्टाफ लगाया गया है लगातार निगरानी की जा रही है।