मथुरा अपहरण: टेंपो चालक के बेटे को छोड़ने के लिए मांगी छह लाख रुपये की फिरौती, तलाश में जुटीं पुलिस की सात टीमें
मथुरा में घर के बाहर खेल रहे टेंपो चालक के बेटे को 11 मार्च की सुबह अगवा कर लिया गया। देर रात परिजनों के पास अगवा बालक को छोड़ने के लिए छह लाख रुपये की फिरौती के लिए फोन आया। इसके बाद पुलिस की सात टीमें बालक की सकुशल बरामदगी के लिए जुट गई हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गोविंदनगर के जमुनानगर में घर के बाहर खेलते अगवा हुए आठ साल के अंश की तलाश में हरियाणा और मथुरा-वृंदावन में पुलिस की सात टीमें जुटी हैं। पुलिस की टीमें अंश के करीब बताई जा रही हैं। अपहरणकर्ताओं के छह लाख की फिरौती मांगे जाने से परिवार की नींद उड़ गई है।
थाना गोविंदनगर के जमुनानगर में परमानंद टेंपो चालक है। 11 मार्च की सुबह परमानंद का आठ साल का बेटा अंश घर के बाहर खेलते हुए अगवा कर लिया गया था। दोपहर तक घर न पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई तो पुलिस को सूचना दी गई। गोविंदनगर पुलिस अंश की तलाश में जुटी, पर बृहस्पतिवार की देर रात कामयाबी नहीं मिल सकी। गोविंदनगर पुलिस ने परमानंद की तहरीर पर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
परमानंद के पास छह लाख रुपये फिरौती मांगने का फोन आया, तो पुलिस ने मोबाइल नंबर को ट्रेस करके उसे उठाया लिया। मोबाइल धारक ने बताया कि उसके नंबर से किसी ने फोन मांगकर किया था। एसपी सिटी मार्तंड प्रकाश सिंह ने अंश की सकुशल बरामदगी के लिए सात टीमों को लगाया है। टीमें सकुशल बरामदगी के लिए हरियाणा और मथुरा-वृंदावन में जुटी हुई हैं। शनिवार की देरशाम तक कामयाबी नहीं मिल सकी। उम्मीद जताई जा रही है कि रविवार तक कामयाबी मिल जाएगी। एसपी सिटी ने बताया कि जल्द ही टेंपो चालक के बेटे अंश की बरामदगी कर ली जाएगी।
सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्धों के संग दिखा अंश
अगवा अंश की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस की टीमों ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो तीन संदिग्धों के संग अंश दिखाई दे रहा है। पुलिस इन सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपहरणकर्ताओं तक पहुंचने में जुटी है। पुलिस की दूसरी टीम बस अड्डे पर युवक के मोबाइल से मांगी गई फिरौती के आधार पर अपहरणकर्ताओं के स्कैच भी तैयार करवा रही है। सीओ सिटी अभिषेक तिवारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और स्कैच तैयार कराए जा रहे हैं। जल्द ही अपहरणकर्ता पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
अंजान को न दें मोबाइल, फंस सकते हैं झंझट में
अगर कोई अंजान आपसे मोबाइल लेकर बात करना चाहे तो मोबाइल न दें। इसका ख्याल जरूर रखा जाए कि अंजान व्यक्ति आपको मुसीबत में भी फंसा सकता है। कुछ ऐसा ही बृहस्पतिवार को अंश के अपहरणकर्ता ने अंतरराज्यीय नए बस अड्डे पर खड़े व्यक्ति का मोबाइल यूज करके फिरौती के छह लाख रुपये मांगे। हालांकि पुलिस ने मोबाइल धारक को तो उठा लिया, पर अपहरणकर्ता अभी तक पकड़ से दूर हैं। इसके लिए आप सावधान हो जाएं और किसी अंजान को अपना मोबाइल उपयोग करने के लिए न दें।