मथुरा। जिले की पुलिस ने बड़ी सफलता प्राप्त की है। गुम हुए करीब दो करोड़ रुपये के 685 मोबाइल फोन विभिन्न राज्यों से बरामद किए। सोमवार को गणतंत्र दिवस पर पुलिस लाइन में कैबिनेट मंत्री चौ. लक्ष्मीनारायण के हाथों मोबाइल पाकर पीड़ितों के चेहरे खिल उठे। दूर दराज के लोगाें के मोबाइल फोन कोरियर द्वारा भेजे गए हैं।
जिले के विभिन्न थानों की पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल व सर्विलांस टीम का सहारा लेकर राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों से इन मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया। वृंदावन पुलिस ने सबसे अधिक 285 मोबाइल फोन बरामद किए हैं जबकि पर्यटन थाने की पुलिस ने 80 मोबाइल बरामद किए। इसी तरह जिले के विभिन्न थाने की पुलिस ने 685 मोबाइल बरामद कर कीर्तिमान रचा है। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि वृंदावन व पर्यटन थाने की टीम प्रथम व द्वितीय स्थान पर रहीं। इन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।