{"_id":"6866e4b5b18bc9c74309535f","slug":"mathura-from-today-the-foothills-of-giriraj-will-be-immersed-in-faith-2025-07-04","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Mathura : आज से आस्था में डूबेगी गिरिराज तलहटी, पुलिस-प्रशासन सतर्क; परिक्रमा मार्ग से अतिक्रमण हटवाया","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Mathura : आज से आस्था में डूबेगी गिरिराज तलहटी, पुलिस-प्रशासन सतर्क; परिक्रमा मार्ग से अतिक्रमण हटवाया
Fri, 04 Jul 2025 03:21 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, राधाकुंड (मथुरा)
अमर उजाला नेटवर्क, राधाकुंड (मथुरा)
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Fri, 04 Jul 2025 03:21 AM IST
सार
श्रद्धालु आस्था के समुद्र में डुबकी लगाएंगे। भक्त नाचते-गाते सात कोस की परिक्रमा करेंगे। भक्तों की अटूट श्रद्धा को ध्यान में रखते हुए जिला और पुलिस प्रशासन ने मेले से संबंधित तैयारियां कर ली हैं।
विज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गुरु पूर्णिमा (मुड़िया) मेला आज से 11 जुलाई तक गिरिराज तलहटी में आयोजित किया जाएगा। श्रद्धालु आस्था के समुद्र में डुबकी लगाएंगे। भक्त नाचते-गाते सात कोस की परिक्रमा करेंगे। भक्तों की अटूट श्रद्धा को ध्यान में रखते हुए जिला और पुलिस प्रशासन ने मेले से संबंधित तैयारियां कर ली हैं। सुरक्षा बल व मजिस्ट्रेट की तैनाती कर दी गई है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इंतजाम किए गए हैं।
विज्ञापन
गिरिराज परिक्रमा मार्ग में श्रद्धा और आस्था के प्रमुख केंद्र हैं। इनमें राधा-श्याम कुंड, मानसी गंगा, कुसुम सरोवर, नारद कुंड आदि प्रभु की लीलाओं का आनंद देती हैं। मेले के दौरान बारिश, फिसलन, उमस, गर्मी में भी भक्त नंगे पैर परिक्रमा लगाकर खुद को धन्य समझेंगे।
विज्ञापन
10 जुलाई को निकलेगा डोला
राधाकुंड हरि नाम संकीर्तन मंडली 10 जुलाई को चकलेश्वर पहुंचकर हरिनाम संकीर्तन करेगी। मंडली निशान चिह्न के साथ कीर्तन करते हुए चकलेश्वर भजन कुटी पहुंचेंगी। राधा श्याम सुंदर मंदिर के महंत रामकृष्ण दास की अगुवाई में पहले डोला निकाला जाएगा। इसी दिन शाम को चैतन्य महाप्रभु मंदिर से महंत गोपाल दास महाराज की अगुवाई प्राचीन डोला निकलेगा
विज्ञापन
पड़ोसी राज्य ने कीं तैयारियां
राजस्थान सीमा के गांव पूंछरी में वहां के प्रशासन ने मेले की तैयारी कर ली हैं। मेला कार्यालय, कंट्रोल रूम से व्यवस्थाओं पर नजर रखी जाएगी। खोया पाया कैंप, वॉच टावर, सीसीटीवी कैमरे, कच्चे परिक्रमा मार्ग में बालू, मार्ग की सफाई के इंतजाम किए गए हैं। डींग प्रशासन ने अस्थाई शौचालय, कूड़ा गाड़ी आदि की व्यवस्था की है। पार्किंग स्थल भी बनाए गए हैं। स्वास्थ्य सेवा केंद्र में दवा की व्यवस्था है।
मॉकड्रिल : बीमार को भीड़ से निकाला
गोवर्धन। मुड़िया मेले के दौरान बीमार व्यक्ति को भीड़ से निकालने की मॉकड्रिल की गई। बृहस्पतिवार को एसडीएम नीलम श्रीवास्तव व क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में आपात स्थिति से निपटने का पूर्वाभ्यास किया गया। इस दौरान सीएचसी गोवर्धन की एंबुलेंस और चिकित्सकों की टीम ने महत्वपूर्ण भागीदारी निभाई। मॉकड्रिल में दानघाटी मंदिर पर एक श्रद्धालु को बीमार दिखाकर अभ्यास किया गया। टीम ने तुरंत रेस्पॉन्स करते हुए उसे स्ट्रेचर पर लिटाकर भीड़ से बाहर निकाला। एंबुलेंस ने मरीज को सीएचसी पहुंचाया। एसडीएम ने बताया कि इस प्रकार की मॉकड्रिल से तैयारियों को परखा जाता है।
परिक्रमा मार्ग से अतिक्रमण हटवाया
राधाकुंड। मुड़िया मेले की व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए कस्बे में अतिक्रमण हटवाए गए। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी चेतन कुमार तिवारी के नेतृत्व में कर्मचारी ट्रैक्टर-ट्राॅली लेकर बाजार में निकले। कस्बे के साथ परिक्रमा मार्ग में हो रहे अतिक्रमण को हटवाया। दुकान और घरों के सामने, नालियों के ऊपर हो रहे कब्जों को हटवाया गया। सड़क पर लगी अस्थाई दुकानों के आगे लगे तख्त, त्रिपाल, मेज-कुर्सी व अन्य सामान को हटवाया गया।