मथुरा। बाबा जयगुरुदेव के गुरु स्वामी घूरेलाल महाराज का पारंपरिक वार्षिक भंडारा (जयगुरुदेव सत्संग-मेला) इन दिनों हाईवे पर आयोजित हो रहा है। यहां पूजन, दर्शन, सत्संग, साधना के लिए जयगुरुदेव मंदिर पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। सत्संग में पंकज महाराज ने कहा कि कर्मकांडों, रस्म, रिवाजों, व्रत, उपवासों से पुण्य की प्राप्ति तो हो सकती है लेकिन आत्म-कल्याण और परमात्मा का साक्षात्कार असंभव है।
संस्था के महामंत्री एवं प्रवक्ता बाबूराम यादव ने बताया कि भंडारे का मुख्य पूजन-कार्यक्रम मध्यरात्रि के बाद शुरू हुआ। सर्वप्रथम पंकज महाराज ने जयगुरुदेव नाम योग साधना मंदिर में स्थापित दादा गुरु महाराज के मंदिर में पूजन किया, तदुपरांत निर्माणाधीन जयगुरुदेव सत्संग-भवन में पूजन कर प्रसाद बनाया। पूजन पंडित मृत्युंजय झा ने कराया।
प्रात:कालीन बेला में पंकज ने अपने मुख्य सत्संग में अमृतवाणी की वर्षा की। उन्होंने 19 दिसंबर से 8 मार्च 2022 तक 80 दिवसीय शाकाहार सदाचार मद्यनिषेध आध्यात्मिक वैचारिक जन-जागरण यात्रा का भी जिक्र किय्रा।