वृंदावन। श्रीबांकेबिहारी मंदिर में शुक्रवार को सुबह से ही दर्शन के लिए श्रद्धालु उमड़ पड़े। जहां मंदिर दर्शनार्थियों से खचाखच भरा रहा। वहीं मंदिर को जाने वाले मार्गों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गईं। भीड़ के बीच श्रद्धालु जगह-जगह रुकने के बाद मंदिर तक पहुंचे। वहीं बच्चे और महिलाओं को धक्कों और भीड़ के दबाव के बीच मुश्किल से दर्शन हो सके।
तीन दिन गांधी जयंती, शनिवार और रविवार को सार्वजनिक अवकाश होने के कारण श्रद्धालुओं की भीड़ सामान्य दिनों की तुलना में शुक्रवार को अधिक रही। प्रदेश के साथ दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान से आए श्रद्धालु ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन के लिए पहुंचे। सुबह से ही विद्यापीठ चौराहा से लेकर बांकेबिहारी मंदिर तक श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रहीं। परिक्रमा मार्ग की ओर से आने वाले श्रद्धालु दाऊजी तिराहा से मंदिर के द्वार तक दर्शनार्थी कतार में लगे मंदिर तक पहुंचने का इंतजार करते देखे गए। श्रद्धालु राधे-राधे रटते हुए हाथ में प्रसाद व पुष्प माला लिए मंदिर के द्वार तक धीरे-धीरे पहुंचे। इस दौरान 150 मीटर की दूरी तक पहुंचने में भक्तों को करीब एक घंटे से अधिक समय लगा। संकरी गलियों में पैर रखने की जगह नहीं रही। मंदिर में रेलिंग के बीच श्रद्धालुओं ने अपने आराध्य बांकेबिहारी के दर्शन किए। श्रीबांकेबिहारी मंदिर के सेवायत अशोक गोस्वामी ने बताया कि लगातार तीन दिन की छुट्टी के कारण श्रद्धालु सामान्य दिनों की तुलना में अधिक आए।