Mathura Corona Update: लगातार बढ़ रही संक्रमितों की संख्या, फिर चार की रिपोर्ट आई पॉजिटिव, किए गए होम आइसोलेट
Mathura Corona Update: जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ रही है। रविवार को एक दिन में चार लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी को होम आइसोलेट किया गया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मथुरा में एक दिन में चार कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें दो महिलाएं हैं। लगातारे कोरोना संक्रमित मिलने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग सजग नहीं है। अभी तक भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लोगों की जांच की कोई व्यवस्था नहीं की है। वहीं लोग भी बेपरवाह हैं। कोविड गाइडलाइन का कोई पालन नहीं कर रहा है।
लगातार मिल रहे कोरोना संक्रमित
जनपद में 23 मार्च के बाद से लगातार कोरोना संक्रमित मिल रहे हैं। रविवार को भी एक साथ चार कोरोना संक्रमित मिले हैं। इनमें एक संक्रमित महिला फरह की है। दूसरी महिला शहर के पोतरा कुंड की रहने वाली है। एक पुरुष बरसाना तथा दूसरा संक्रमित व्यक्ति शहर के सीडीएस नगर का निवासी है। इनमें से दो ने तबीयत खराब होने पर वेटरनेरी इंस्टीट्यूट पर अपनी जांच कराई थी। जबकि अन्य दो ने एक निजी लैब पर सैंपल जांच के लिए दिया था। इसके बाद इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
चार संक्रमित मिलने की खबर के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम घरों पर पहुंची। वहां जाकर टीम ने अन्य परिजन के आरटीपीसीआर के सैंपल लिए। संक्रमितों को दवाएं देकर होम आइसोलेट किया गया है। परिजन को आवश्यक हिदायतें दी गई हैं। टीम ने घर तथा आसपास के क्षेत्र में सैनिटाइजेशन किया। जिससे संक्रमण के फैलने की संभावना को कम किया जा सके।
सोया है स्वास्थ्य विभाग, नहीं उठा रहा आवश्यक कदम
जिले में 23 मार्च से लगातार कोविड संक्रमित मिल रहे हैं। इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग की नींद नहीं खुल रही है। न तो विभाग द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर रैंडम सैंपलिंग की कोई व्यवस्था की जा रही है। न ही अभी तक वैक्सीन उपलब्ध हो सकी है। वैक्सीन लगवाने के इच्छुक लोग लगातार स्वास्थ्य केंद्रों से लौटकर जा रहे हैं। इससे संक्रमण फैलने का खतरा लगातार बना है।
लोग बेखौफ, नहीं कर रहे गाइडलाइन का पालन
लगातार कोरोना संक्रमित मिलने के बाद भी लोग अभी भी बेखौफ हैं। वह सार्वजनिक स्थानों पर कोरोना गाइडलाइन का पालन नहीं कर रहे हैं। भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में बिना मास्क के ही घूम रहे हैं। सार्वजनिक दूरी का पालन नहीं कर रहे हैं। मंदिरों में लाइनों में लगे भक्त भीड़ में फंसने पर असहज महसूस नहीं कर रहे हैं। इससे भी संक्रमण के फैलने की संभावना बन रही है।
बुजुर्ग बरतें विशेष सावधानी
एक दिन के अंदर मिले चार संक्रमितों में से तीन बुजुर्ग हैं। इनमें एक महिला और दो पुरुष हैं। जोकि कोविड की चपेट में आ गए हैं। इससे प्रतीत हो रहा है कि कोरोना वायरस बुजुर्ग व्यक्तियों को आसानी से अपना शिकार बना रहा है। नोडल अधिकारी डॉ. भूदेव सिंह ने कहा कि बुजुर्ग व्यक्ति इस समय विशेष सावधानी बरतें। खांसी, जुकाम, बुखार अथवा गले में खराश होने पर तुरंत चिकित्सक से मिलें। बिना परामर्श के कोई दवा न लें। बीमारी के अधिक समय तक सही न होने पर अपनी जांच कराएं। इससे समय पर उपचार मिल सके।