चौमुहां (मथुरा)। राष्ट्रीय महाराणा प्रताप युवा सेना, अखिल भारतीय हिंदू परिषद, गो रक्षक दल के कार्यकर्ताओं ने तरौली स्थित स्वामी बाबा गोशाला की दयनीय स्थिति को लेकर सोमवार से गोशाला पर अनशन शुरू कर दिया। गोशाला पर व्यवस्थापक न होने से चारे एवं इलाज के अभाव में आए दिन गोवंश दम तोड़ रहा है। अनशन पर बैठे लोगों ने प्रशासन से गोशाला की स्थिति सुधारने, मृत गोवंश का दाह संस्कार कराने व गोशाला पर व्यस्थापक की व्यवस्था कराने की मांग की।
महाराणा प्रताप युवा सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष भरत सिसौदिया ने कहा कि इससे पहले एक सप्ताह पूर्व संगठन कार्यकर्ताओं ने डीएम के नाम ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन के माध्यम से कहा था कि एक सप्ताह में समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आमरण अनशन किया जाएगा। इसके बावजूद प्रशासन ने समस्या का निस्तारण नहीं किया है। सूचना पर अनशन समाप्त कराने के लिए एसडीएम हनुमान प्रसाद एवं सीओ जगदीश कालीरमन फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने गोशाला की स्थिति का जायजा लेकर व्यवस्थाओं को बेहतर कराने का आश्वासन दिया। एसडीएम के आश्वासन पर अनशन स्थगित कर दिया गया। इस मौके पर सोनू राघव, कृष्णा ठाकुर, लखन दास, दीपक सिसौदिया, हेमंत शर्मा, विष्णु सिसौदिया, नेमपाल राणा, नकुल सिसौदिया, पंकज सिंह, कान्हा राठौर, सीपी ठाकुर, सियाराम, योगेंद्र गोला आदि मौजूद रहे।