नंदगांव (मथुरा)। श्री राधारानी ब्रजयात्रा के नंदगांव पड़ाव के दौरान लघु भारत का नजारा दिखा। 14 हजार से अधिक यात्रियों वाली ब्रजयात्रा में कई राज्यों के यात्री परिक्रमा कर रहे हैं। अलग-अलग बोली होते हुए भी सभी एक स्वर में नंदगांव लगे मोहे प्यारो जहां खेलै वंशी बारौ... भजन गा रहे हैं।
नंदगांव विश्राम के दूसरे दिन ब्रजयात्रियों ने वृंदा कुंड, पावन सरोवर, नंद बैठक, यशोदा कुंड, हाऊ-बिलाऊ, चरन पहाड़ी आदि लीलास्थलों के दर्शन किए। शाम को साध्वी मुरलिका और डॉ. रामजीलाल शास्त्री के नेतृत्व में यात्री नंदभवन पहुंचे। बरसाना नंदगांव के लोगों के मध्य चिर-परिचित हास परिहास भी हुआ। पड़ाव स्थल पर नंदगांव का महत्व यात्रियों को बताया गया। उधर, खराब स्वास्थ्य के बावजूद नंदगांव पड़ाव के प्रथम दिन पदमश्री रमेश बाबा भी यात्रा में पहुंचे। गाड़ी से ही नंदबाबा को प्रणाम कर यात्रियों को संबोधित कर वापस लौट गए।