दन्नाहार। थाना क्षेत्र के गांव नगला मुगरिया में बुधवार शाम को एक युवक ने कमरा बंद करने के बाद फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव फंदे से उतरवाने के बाद मोर्चरी भेजा। परिजन खुदकुशी की वजह नहीं बता सके, बताया कि युवक नोएडा में नौकरी कर रहा था, बुधवार सुबह ही घर लौट कर आया था। हादसे के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
गांव नगला मुगरिया निवासी 28 वर्षीय जितेंद्र उर्फ पीलू नोएडा में रह कर एक एक्सपोर्ट कंपनी में नौकरी कर रहा था। बुधवार की सुबह करीब चार बजे वह घर वापस लौट कर आया था। शाम के समय जब पिता धीरेंद्र सिंह पशुओं को चारा डालने के बाद घर के अंदर आए तो जितेंद्र के कमरे के दरवाजे बंद देख उन्हें शंका हुई। काफी देर तक दरवाजा खटखटाया मगर नहीं खुला। शोर मचाने पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। किसी तरह से दरवाजा खुला तो देखा कि अंदर फंदे पर जितेंद्र का शव लटका हुआ था। सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को मोर्चरी भिजवाया गया। परिजन ने बताया कि 15 दिन पूर्व जितेंद्र पत्नी रेशू को मायके छोड़ने के बाद नौकरी पर नोएडा चला गया था। रेशू के साथ 10 माह की बेटी भी है। युवक ने खुदकुशी क्यों कि इसकी वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। मौत का कारण जानने के लिए पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया है।