मैनपुरी। प्राथमिक शिक्षक प्रशिक्षित स्नातक एसोसिएशन के तत्वावधान में भोगांव के रामलीला मैदान पर बेसिक प्रीमियर लीग का आयोजन किया जा रहा है। शुक्रवार को खेले गए मैच में घिरोर स्पार्टन्स ने करहल थंडर्स को नौ विकेट से और बेसिक धुरंधर्स ने बेवर बेसिक दबंग को चार विकेट से हराया।करहल थंडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवर में 101 रन बनाए। नीटू राजपूत ने 31 और नितिन यादव ने 19 रनों का योगदान दिया। घिरोर के सचिन ने दो, संदीप और अमित पाल ने एक-एक विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी घिरोर ने एक विकेट पर आठ ओवर में 102 रन बनाकर मैच जीत लिया। सौरभ ने 46 और सुधीर ने 38 रन बनाए। करहल के अनुज अवतार ने एक विकेट लिया। दूसरे मैच में बेवर बेसिक दबंग ने पहले खेलते हुए 15 ओवर में 175 रन बनाए। अनुजेश ने 74, संजय ने 28 रन और ललित मोहन ने 26 रनों की पारी खेली। बेसिक धुरंधर्स ने विक्रम और अवनीश ने दो–दो विकेट लिए। जवाब में बेसिक धुरंधर्स ने 14 ओवर में चार विकेट खोकर 176 रन बनाकर जीत दर्ज कर ली। मनोज ने 87, संजय यादव ने 30 और गौरव ने 25 रन बनाए। बेवर के ललित मोहन और लोकपाल ने दो-दो विकेट लिए।
पहले मैच में घिरोर के सुधीर पाल को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार अरुण यादव ने और दूसरे मैच में बेसिक धुरंधर्स के मनोज को मैन ऑफ द मैच पुरस्कार बृजेश गुप्ता ने प्रदान किया। अंपायरिंग गगन राजपूत और अमित राजपूत, स्कोरिंग सुमित शुक्ला और सुनील कमल ने की। मैच का आंखों देखा हाल दीपचंद्र और पवन चौहान ने सुनाया।