मैनपुरी। किसानों की समस्याओं का समाधान कराने के लिए भारतीय किसान यूनियन टिकैत के पदाधिकारियों ने शनिवार को कलेक्ट्रेट के तिकोनिया पार्क में मासिक पंचायत की। इसके बाद डिप्टी कलक्टर ध्रुव शुक्ला को ज्ञापन दिया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में किसानों की समस्याओं का समाधान कराने की मांग की।जिलाध्यक्ष मुकेश यादव के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा कि आवारा पशुओं की समस्या से किसान परेशान हैं। खेतों में खड़ी फसलें नष्ट हो रही हैं। किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। आवारा पशुओं को गोशालाओं में भेजने और समुचित व्यवस्था कराने की मांग की। नहरों में पानी की नियमित आपूर्ति, खाद-बीज की उपलब्धता और बिजली आपूर्ति सुचारु रखने की मांग की है।
ज्ञापन में भोगांव के गांव छाछा में किसानों के निरस्त किए गए पट्टों को बहाल करने की मांग की गई। चेतावनी दी कि अगर निरस्त पट्टों को बहाल न किया गया तो यूनियन एसडीएम भोगांव के खिलाफ अनिश्चितकालीन धरना शुरु करेगी। ओमवीर यादव, गोविंद यादव, राजा ठाकुर, सुभाष चंद्र, वेदप्रकाश, उमेश चंद्र शाक्य, मलिखान सिंह, बेंचेलाल, नंदकिशोर मौजूद रहे।