मैनपुरी। ट्रांजिट हॉस्टल में शनिवार को जन-सुनवाई के दौरान पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह से लहरा के रहने वाले पिंटू ने शिकायत की। बताया कि उसने तीन अन्य लोगों के साथ विद्युत कनेक्शन के लिए आवेदन किया। अपने घरों तक निजी खर्चे से तीन खंभे भी लगवा लिए लेकिन विद्युत विभाग कनेक्शन, केबल डालने को तैयार नहीं है। विभाग द्वारा लगभग 1:50 लाख खर्चा बताया जा रहा है। उन्होंने अधीक्षण अभियंता विद्युत को जांच कर तत्काल उपभोक्ताओं को विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने को कहा।पर्यटन मंत्री से मंछना के जसवंत सिंह तोमर ने ग्रामसभा मंछना की जमीन पर की जा रही प्लॉटिंग को रूकवाने, प्रबंधक जनता इंटर कॉलेज नौनेर अरविंद कुमार सिंह ने उच्च न्यायालय इलाहबाद के आदेश का अनुपालन कराने, कीरतपुर के धर्मेंद्र ने पैमाइश कराने, छाछा के मलिखान सिंह, संजीव कुमार, सौरभ, राजेश कुमार, अन्नपूर्णा, अनिल कुमार गुप्ता ने छाछा में निरस्त किए जा रहे पट्टों को रुकवाने की मांग की। ग्राम मंछना के बलराम सिंह ने जमीन को खतौनी में दर्ज कराने, भांवत के जसकरन सिंह ने कब्जे को रूकवाने, पहाड़पुर के रामबाबू ने पत्नी के साथ की गई मारपीट के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कराने, उत्तरी छपट्टी की सीमा गुप्ता ने जमीन की पैमाइश कराने की मांग की। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, शिवदत्त भदौरिया, उदय चौहान, अर्जुन चौहान, प्रवेश शर्मा के अलावा उप जिलाधिकारी अभिषेक कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार, विद्युत विभाग से लालू जादौन मौजूद रहे।