Mainpuri News: फंदे से झूलती मिली युवती, खाना खाने के बाद कमरे में गई, सुबह परिजनों ने देखा तो उड़ गए होश
मैनपुरी में युवती का शव फंदे से झूलता मिला। परिजन ने बताया कि खाना खाने के बाद कमरे में गई। सुबह देखा तो उनके होश उड़ गए।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में एक युवती ने मंगलवार की रात घर के कमरे में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। जानकारी होने के बाद घर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। परिजन आत्महत्या को लेकर कोई वजह नहीं बता सके।
खाना खाने के बाद कमरे में सोने गई
मामला कुर्रा थाना क्षेत्र के रानीपुर गांव का है। गांव निवासी अजब सिंह की पुत्री रेनू (18) मंगलवार की शाम घर पर थी। सब कुछ सामान्य था। रेनू खाना खाने के बाद अपने कमरे में चली गई थी। देर रात परिजन ने कमरे के पास जाकर देखा तो उसका शव पंखा के कुंडा में फंदे पर लटका हुआ था। जानकारी होते ही घर में कोहराम मच गया। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए।
पुलिस मामले की जांच कर रही है
सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस भी मौके पर आ गई। शव को फंदे से उतारने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। परिजन से जब खुदकुशी की वजह के बारे में जानकारी ली। तब परिजन कोई स्पष्ट वजह नहीं बता सके। पुलिस ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।